JPSC-JSSC Examination: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं को रद्द किए जाने के बाद विवाद अब अदालत तक पहुंच गया है. सरकार के फैसले से प्रभावित नवनियुक्त अभ्यर्थियों ने अपनी नौकरी बचाने के लिए झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी है.
छात्र आंदोलन के बाद राज्य सरकार ने JPSC और JSSC की अलग-अलग भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया था. इसी आदेश के कारण कई चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति और नौकरी पर संकट खड़ा हो गया है. अब JPSC परीक्षा के जरिए चयनित होकर विभिन्न विभागों में कार्यरत कई अभ्यर्थियों ने अलग-अलग अधिवक्ताओं के माध्यम से हाईकोर्ट का रुख किया है. उन्होंने सरकार के परीक्षा रद्द करने के आदेश को चुनौती दी है.
फिलहाल इन याचिकाओं को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं किया गया है. यानी हाईकोर्ट ने अभी मामले की सुनवाई की तारीख तय नहीं की है. जब यह मामला अदालत में सूचीबद्ध होगा, तब सभी की नजर झारखंड हाईकोर्ट के रुख पर रहेगी. यह देखना अहम होगा कि अदालत सरकार के फैसले पर क्या निर्णय देती है.
अब तक इस मामले में तीन अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है. इनमें अवधेश कुमार समेत अन्य प्रार्थी शामिल हैं. प्रार्थियों की ओर से हाईकोर्ट के अधिवक्ता इंद्रजीत सिंहा और पीयूष चित्रेश अदालत में उनका पक्ष रखेंगे.