Jamshedpur: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में एक डिलीवरी बॉय ने ग्राहक और उसके साथी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद उसने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है. डिमना बस्ती निवासी लाल किशोर सिंह के अनुसार, गुरुवार को उसे एमजीएम हॉस्टल के पास रहने वाले हिमांशु राज का पार्सल पहुंचाना था. उसने ग्राहक के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया, लेकिन नंबर गलत बताया गया. इसके बाद लाल किशोर पार्सल को वापस डिलीवरी कार्यालय में जमा कर अपने दूसरे काम के लिए निकल गया. आरोप है कि इसी दौरान हिमांशु राज और उसके साथ मौजूद एक युवक ने उसके साथ मारपीट की. घटना में उसे चोटें आईं.
एमजीएम अस्पताल में कराया इलाज
मारपीट की जानकारी लाल किशोर ने अपने डिलीवरी कार्यालय को दी. इसके बाद वह इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचा. उसका आरोप है कि अस्पताल में प्राचार्य से मिलने के लिए उसे करीब तीन घंटे इंतजार करना पड़ा. बाद में प्राचार्य डॉ. संजय सिंह से मुलाकात कर उसने घटना की जानकारी दी. लाल किशोर के मुताबिक, उसे वहां से जाने को कहा गया और मामले में मदद करने में असमर्थता जताई गई. पीड़ित ने एमजीएम थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर हिमांशु राज और उसके साथी के खिलाफ जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
कॉलेज परिसर में डिलीवरी पर रोक
घटना के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने परिसर के अंदर डिलीवरी कर्मियों के प्रवेश पर रोक लगा दी है. नई व्यवस्था के तहत अब डिलीवरी बॉय या अन्य डिलीवरी कर्मी पार्सल लेकर कॉलेज के मुख्य गेट तक ही जा सकेंगे. यह व्यवस्था गुरुवार देर शाम से लागू कर दी गई है. हालांकि, इस फैसले का असर कॉलेज के हॉस्टलों में रहने वाले छात्रों पर पड़ सकता है. उन्हें अब मुख्य गेट तक जाकर अपना पार्सल लेना होगा.