Palamu News: पलामू जिले के सतबरवा थाना इलाके में गुरुवार की देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर काम में लगे दो मजदूरों को बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी. इस ताबड़तोड़ फायरिंग में दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय स्तर पर शुरुआती इलाज देने के बाद, उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स (RIMS) रेफर कर दिया है.
माचिस मागने को लेकर शुरू हुआ विवाद
घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है. घायल मजदूरों के अनुसार, बाइक सवार कुछ लोग उनके पास पहुंचे और माचिस मांगी. माचिस नहीं होने की बात कहने पर कहासुनी शुरू हो गई. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों मजदूरों पर गोली चला दी गई.

फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार
फायरिंग के बाद दोनों मजदूर घायल होकर वहीं गिर पड़े. मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई. हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए.
सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही सतबरवा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस हमलावरों की पहचान और गोलीबारी की वजह का पता लगाने में जुटी है. आसपास के इलाकों में भी संदिग्धों की तलाश की जा रही है. घटना के बाद NH पर काम कर रहे मजदूरों में डर का माहौल है. फिलहाल इस मामले में पुलिस का विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.