West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम के नुरदा गांव में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हुआ. घर के आंगन में बैठे दो लोगों के ऊपर अचानक मिट्टी की दीवार गिर गई. मलबे में दबने से दोनों की जान चली गई. मरने वालों में 32 साल के दुबराज पिंगुवा और उनके 27 वर्षीय भतीजे सरजोम पिंगुवा शामिल हैं.
आंगन में बैठे थे दोनों, तभी हुआ हादसा
हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के नुरदा गांव में इन दिनों हेरो पर्व मनाया जा रहा है. गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे दुबराज और सरजोम गांव के बुधन पिंगुवा के घर पहुंचे थे. दोनों घर के आंगन में कुछ अन्य लोगों के साथ बैठे हुए थे. इसी दौरान अचानक वहां की कच्ची मिट्टी की दीवार गिर गई.
दीवार का पूरा मलबा दोनों युवकों के ऊपर जा गिरा. हादसा होते ही आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे. ग्रामीणों ने मिलकर काफी मेहनत के बाद मलबा हटाया और दोनों को बाहर निकाला. लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.
पर्व की खुशी मातम में बदली
हादसे की खबर मिलते ही गांव में अफरा तफरी मच गई. कुछ ही देर में पूरे गांव में मातम छा गया. परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है. परिवार वालों के मुताबिक, सभी लोग हेरो पर्व के मौके पर साथ बैठे थे. किसी ने नहीं सोचा था कि अचानक दीवार गिर जाएगी.
पुलिस ने शव चाईबासा भेजे
घटना की जानकारी देर रात हाटगम्हरिया थाना पुलिस को मिली. इसके बाद पुलिस टीम नुरदा गांव पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया. शुक्रवार सुबह दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा गया. पुलिस ने सनहा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में दीवार के काफी कमजोर होने की बात सामने आई है. लगातार बारिश के कारण मिट्टी गीली होने से भी दीवार के गिरने की आशंका जताई जा रही है. प्रशासन की ओर से मृतकों के परिवार को सरकारी नियम के अनुसार सहायता देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. पुलिस फिलहाल हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.