Jamshedpur News: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के टाटानगर रेलवे स्टेशन पार्किंग में कोलकाता से ट्रेनिंग पूरी कर लौट रहे तीन युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पार्किंग में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद पार्किंग कर्मचारी और एक ऑटो चालक ने तीनों युवकों के साथ मारपीट की।
मारपीट में तीन युवक घायल
पुलिस के अनुसार, घटना में फुरकान अली (18), मो. जलरियान शहजादा (20) और हेमंत सिंह (20) घायल हुए हैं। फुरकान अली कीताडीह के रहने वाले हैं, जबकि मो. जलरियान शहजादा गोलमुरी और हेमंत सिंह परसुडीह प्रमोद नगर के रहने वाले बताए गए हैं।
चोटों की जांच कराने का अनुरोध
पुलिस ने चिकित्सा पदाधिकारी से तीनों घायलों का इलाज करने का अनुरोध किया है। पत्र में फुरकान अली के सिर में खून बहने वाला जख्म और हाथ में चोट होने का विवरण किया गया है। वहीं, अन्य दोनों घायलों के पूरे शरीर में चोट और दर्द की बात कही गई है।
पुलिस ने मांगी मेडिकल रिपोर्ट
बर्मामाइंस थाना की ओर से 21 अगस्त 2026 को सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी को पत्र भेजा गया। पत्र में इलाज के बाद घायलों की जख्म जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। यह रिपोर्ट मामले की आगे की पुलिस कार्रवाई में उपयोगी होगी।