Seraikela News: चौका थाना क्षेत्र में तीन हथियारबंद बदमाश ने एक ही रात दो अलग-अलग जगहों पर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। आरोप है कि बदमाशों ने पहले बंसा चौक स्थित सरकारी विदेशी शराब दुकान में हथियार दिखाकर छिनतई का प्रयास किया। इसके बाद उरमाल, पुरानडीह के पास स्थित माधुरी फ्यूल पेट्रोल पंप पर पहुंचकर सेल्समैन से नकदी और मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
शराब दुकान में लूट की कोशिश, ग्रिल का ताला बना बाधा
शिकायत के अनुसार, 19 अगस्त की रात करीब 11 बजे तीन अज्ञात बदमाश मोटरसाइकिल से चौका-कांड्रा मार्ग स्थित बंसा चौक पहुंचे। इनमें दो लोगों ने कपड़े से चेहरा ढक रखा था, जबकि तीसरा व्यक्ति हेलमेट पहने हुए था।
बताया गया कि बदमाशों ने पिस्टल और चाकू दिखाकर सरकारी विदेशी शराब दुकान में छिनतई करने का प्रयास किया। हालांकि दुकान के सामने लोहे की ग्रिल में ताला लगा होने के कारण वे अंदर नहीं जा सके। दुकान में मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू किया और पुलिस को सूचना देने का प्रयास किया, जिसके बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से चौका की ओर फरार हो गए।
पेट्रोल पंप पर हथियार दिखाकर छीन लिए 25,370 रुपये
इसके कुछ देर बाद रात करीब 11:45 बजे तीनों बदमाशों के माधुरी फ्यूल पेट्रोल पंप पहुंचने का आरोप है। पेट्रोल पंप के सेल्समैन बबलू प्रमाणिक से हथियार दिखाकर मारपीट की गई और उससे बिक्री की नकदी तथा मोबाइल फोन छीन लिया गया। पेट्रोल पंप के मैनेजर रामजी पांडेय के अनुसार, हिसाब करने पर सेल्समैन से कुल 25,370 रुपये की छिनतई की जानकारी मिली है। बदमाश मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।
CCTV फुटेज से दोनों घटनाओं के आरोपियों के एक होने का शक
शराब दुकान में छिनतई के प्रयास की घटना का CCTV फुटेज और वीडियो भी सामने आया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि फुटेज में दिख रहे तीनों संदिग्धों की गतिविधियां और हुलिया पेट्रोल पंप पर वारदात करने वाले बदमाशों से मेल खाता है।
इसी आधार पर आशंका जताई गई है कि दोनों जगह वारदात को अंजाम देने या प्रयास करने वाले तीनों अपराधकर्मी एक ही हो सकते हैं। मामले को लेकर चौका थाना में शिकायत देकर तीनों अज्ञात हथियारबंद अपराधकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की गई है।