BREAKING: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में दो युवकों के शव जमीन के अंदर दबे मिलने से सनसनी फैल गई. दोनों शव रामचंद्रपुर-रापचा फुटबॉल मैदान के पास वन विभाग क्षेत्र से बरामद किए गए हैं. मृतकों की पहचान राहुल हांसदा और तपन प्रधान के रूप में हुई है. परिजनों ने 20 अगस्त को दोनों के लापता होने की शिकायत कांड्रा थाने में दर्ज कराई थी. परिजनों ने अपहरण की आशंका भी जताई थी. शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया.
पूछताछ के बाद जमीन में मिली लाशें
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले. इसके आधार पर रामचंद्रपुर-रापचा फुटबॉल मैदान के पास तलाशी अभियान चलाया गया. खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से दोनों युवकों का शव बरामद किया गया.
मोबाइल चोरी से जुड़े होने की आशंका
पुलिस को शुरुआती जांच में घटना के पीछे मोबाइल चोरी से जुड़े विवाद की आशंका है. हालांकि, पुलिस ने अभी इस कनेक्शन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस हत्या की वजह, मोबाइल चोरी से संबंध और अन्य लोगों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी तस्वीर
मौके से पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और घटना की पूरी जानकारी सामने आएगी. दो शव मिलने की खबर के बाद कांड्रा इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है.