Bokaro News: जैनामोड़ के मिश्रा साइड में एक घर में चोरी की घटना के बाद जरीडीह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की बाइक, कांसे के बर्तन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को सूरज कुमार मिश्रा ने जरीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि जैनामोड़ मिश्रा साइड स्थित उनके घर का ताला तोड़कर चोरी की गई है। जरीडीह पुलिस इंस्पेक्टर शैलेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चिउकु कुमार उर्फ दिलशाद मंसूरी और दीपक कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, एक किशोर को भी निरुद्ध किया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर सामान बरामद
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया। बरामद सामान में चोरी की बाइक, कांसे के बर्तन और तीन मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की बाइक को भी जब्त किया है। छापेमारी टीम में थाना प्रभारी विपिन चन्द्र महतो, संजीव कुमार, दशरथ कुमार दास, मथियस जॉन मुर्मू, सुंदर उरांव और हवलदार अनस्ता बॉ शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।