Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-22

Chandil News: चांडिल पितकी रेलवे ओवरब्रिज का हुआ उद्घाटन, जाम की समस्या से मिलेगी राहत

Chandil: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के लोगों का लंबे समय का इंतजार शनिवार को खत्म हो गया. पितकी रेलवे ओवरब्रिज का विधिवत उद्घाटन कर इसे लोगों के लिए शुरू कर दिया गया. उद्घाटन समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ और ईचागढ़ विधायक सविता महतो मौजूद रहीं. इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी हिस्सा लिया.

रेलवे फाटक पर लगता था लंबा जाम
पितकी रेलवे फाटक पर ट्रेनों के गुजरने के दौरान बार-बार फाटक बंद हो जाता था. इससे चांडिल-पुरुलिया मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती थी. कई बार जाम 4 से 5 किलोमीटर तक पहुंच जाता था. इससे राहगीरों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों को भी काफी परेशानी होती थी.

रोजाना गुजरते हैं 4 हजार से अधिक वाहन
यह रेलवे फाटक रांची-टाटा-पुरुलिया-धनबाद मार्ग पर स्थित है. आद्रा और रांची रेल मंडल की मालगाड़ी, पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें इस मार्ग से गुजरती हैं. ट्रेनों की आवाजाही के कारण फाटक कई बार बंद करना पड़ता था. वहीं, इस मार्ग से रोजाना करीब 4 हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. इनमें ट्रक, बस, ट्रेलर, स्कूल वाहन, एंबुलेंस, ऑटो और बाइक शामिल हैं.

स्कूल बच्चों और मरीजों को होती थी परेशानी
रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों और मरीजों पर पड़ता था. जाम में स्कूल वाहन घंटों फंसे रहते थे. वहीं, मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस को भी रास्ता साफ होने का इंतजार करना पड़ता था. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि ओवरब्रिज शुरू होने के बाद इन परेशानियों से काफी हद तक राहत मिलेगी.

दर्जनों गांवों को मिलेगा फायदा
पितकी रेलवे ओवरब्रिज के शुरू होने से पितकी सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. चांडिल और ईचागढ़ क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी पहले की तुलना में बेहतर होने की उम्मीद है. उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ओवरब्रिज शुरू होने से लोगों का समय बचेगा और रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी.

लोगों में खुशी का माहौल
ओवरब्रिज के उद्घाटन को लेकर स्थानीय लोगों में खुशी देखी गई. ग्रामीण लंबे समय से इसके निर्माण और जल्द उद्घाटन की मांग कर रहे थे. समारोह के दौरान लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया और ओवरब्रिज शुरू होने पर प्रसन्नता जताई.

ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में आजसू के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, भाजपा जिला मंत्री रुपेश वर्मा उर्फ पप्पू वर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, राजनीतिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !