Jamshedpur News: गोलमुरी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की जान चली गई। पानी टंकी के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 37 वर्षीय सुशील शाह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान किसी कारण उनका वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और सीधे बिजली के पोल से जा टकराया।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
टक्कर के बाद सुशील शाह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को ऑटो और पीसीआर वैन के जरिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सुशील शाह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उनके पास से मिले पैन कार्ड के आधार पर उनकी पहचान की। फिलहाल शव को एमजीएम अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बाइक के अनियंत्रित होने की वजह क्या थी।