Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने करीब 70 साल के एक पूर्व बीजेपी नेता को गिरफ्तार किया है. कोतवाली पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज किया और आरोपी को गांव से पकड़ लिया. कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
धमकी देकर कई बार गलत काम करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक किशोरी गांव में मजदूरी करती है. करीब 15 दिन पहले वह काम खत्म करके घर लौट रही थी. आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसे अपने घर के अंदर बुलाया. किशोरी का आरोप है कि घर के अंदर उसके साथ जबरदस्ती की गई. विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई. शिकायत में किशोरी ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने घटना का वीडियो भी बना लिया था. वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर उसे डराया गया. पीड़िता के मुताबिक इसी डर के कारण पिछले 15 दिनों में उसके साथ कई बार गलत काम किया गया. किशोरी ने आरोपी का एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया है. पुलिस इसे जांच में शामिल कर रही है.
शिकायत मिलते ही गांव से आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शुरू की जांच
शुक्रवार रात किशोरी अपने परिवार के साथ कोतवाली पहुंची. उसने पुलिस को लिखित शिकायत दी. कोतवाली प्रभारी रामनारायण सिंह के मुताबिक शिकायत मिलते ही संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को गांव से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने किशोरी का मेडिकल भी कराया है. मामले में डिजिटल साक्ष्यों और बयानों की जांच की जा रही है.
पुलिस जांच में आरोपी का पुराना राजनीतिक कनेक्शन भी सामने आया
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया. कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस के मुताबिक आरोपी साल 1991 में स्याना मंडी समिति का उपसभापति रह चुका है. वह 2017 में बीजेपी का नगर महामंत्री भी था. विवादित वीडियो सामने आने के बाद उसे पार्टी के पद से हटा दिया गया था. बीजेपी जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने कहा है कि आरोपी के पास फिलहाल पार्टी का कोई पद नहीं है. मामले में पुलिस की जांच जारी है.