Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के धार जिले में श्रावण के चौथे सोमवार को बड़ा हादसा हुआ. कुक्षी इलाके में कांवड़ यात्रा पर निकली ट्रैक्टर ट्रॉली पुल से नीचे गिर गई. हादसे में करीब 20 श्रद्धालु घायल हुए हैं.
कडमाल गांव के पास हुआ हादसा
हादसा कुक्षी थाना क्षेत्र की निसरपुर चौकी के पास हुआ. यह जगह कडमाल गांव के पास है. बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ट्रॉली में करीब 30 श्रद्धालु सवार थे. सभी पुराने चिखलदा से मां नर्मदा का जल लेने जा रहे थे. कडमाल गांव से कुछ दूरी पर पुल पार करते समय अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित हो गई. इसके बाद वाहन पुल से नीचे जा गिरा.
स्टीयरिंग फेल होने की बात सामने आई
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुल पर पहुंचते ही ट्रैक्टर का स्टीयरिंग फेल हो गया था. ड्राइवर वाहन को संभाल नहीं सका. इसके बाद ट्रॉली पुल से नीचे गिर गई. हादसा अचानक हुआ. श्रद्धालुओं को संभलने का मौका भी नहीं मिला. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई.
ग्रामीणों और पुलिस ने घायलों को निकाला
हादसे की जानकारी मिलते ही कुक्षी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय ग्रामीण भी बचाव में जुट गए. पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर ट्रॉली में फंसे लोगों को बाहर निकाला. घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. स्वास्थ्य केंद्र में घायलों का प्राथमिक इलाज किया गया. गंभीर हालत वाले श्रद्धालुओं को बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया है.डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है.
पुलिस जांच में जुटी
कुक्षी पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी में स्टीयरिंग फेल होना हादसे की वजह बताई जा रही है. हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है. वाहन की तकनीकी जांच के बाद ही दुर्घटना की असल वजह साफ हो सकेगी.