Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-24

Jharkhand Police Report Card: झारखंड पुलिस का सात महीने का रिपोर्ट कार्ड जारी, 113 नक्सली अरेस्ट और 50 ने किया सरेंडर, मुठभेड़ में 22 माओवादी ढेर, 111 हथियार बरामद

Jharkhand Police Report Card: झारखंड पुलिस ने इस साल अब तक की अपनी कार्रवाई का रिपोर्ट कार्ड जारी किया है. जनवरी से जुलाई 2026 तक पुलिस ने नक्सलवाद, साइबर अपराध और नशे के खिलाफ कई स्तर पर कार्रवाई की है. पुलिस की रिपोर्ट में गिरफ्तारी से लेकर हथियार और नशीले पदार्थों की बरामदगी तक के आंकड़े दिए गए हैं.

113 नक्सली गिरफ्तार, 50 ने किया सरेंडर
पुलिस के अनुसार, जनवरी से 15 अगस्त 2026 तक 113 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया. इनमें 49 माओवादी, 30 PLFI, 23 TSPC, 10 JJMP और एक SJMM का सदस्य शामिल है. इसी अवधि में 50 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया. नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान मुठभेड़ में 22 माओवादी मारे गए. पुलिस ने 111 हथियार और 9,904 कारतूस भी बरामद किए.

साइबर अपराध में 486 आरोपी गिरफ्तार
साइबर अपराध के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की. जनवरी से जून 2026 के बीच साइबर अपराध के 658 मामले दर्ज किए गए. इन मामलों में 486 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने 651 मोबाइल फोन और 679 सिम कार्ड बरामद किए. “प्रतिबिंब” ऐप के जरिए जनवरी से जुलाई के बीच 121 मामलों में 336 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हुई. इस दौरान 545 मोबाइल फोन और 655 सिम कार्ड बरामद किए गए.

1930 पर 77 हजार से ज्यादा शिकायतें
साइबर ठगी की शिकायतों के लिए चल रहे डायल-1930 पर बड़ी संख्या में शिकायतें मिलीं. जनवरी से जुलाई के बीच कुल 77,503 शिकायतें दर्ज हुईं. पुलिस के अनुसार, करीब 150 करोड़ रुपये बैंक खातों में फ्रीज कराए गए. वहीं, 19 करोड़ रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए गए. इसी अवधि में 22,165 मोबाइल नंबर और 10,054 IMEI नंबर ब्लॉक किए गए.

नशे के खिलाफ भी अभियान तेज
झारखंड पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ भी कार्रवाई की. जनवरी से जून तक नशे से जुड़े 435 मामले दर्ज किए गए. इन मामलों में 710 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने 3,461 किलो गांजा, 151 किलो अफीम, 3.6 किलो ब्राउन शुगर और 10,218 किलो डोडा बरामद किया. बरामद नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 41 करोड़ रुपये बताई गई है. पुलिस ने 4,620 एकड़ जमीन पर लगी अफीम की फसल नष्ट करने का भी दावा किया है.

चोरी हुए 4,053 मोबाइल मालिकों को लौटाए
मोबाइल चोरी और गुम होने के मामलों में भी पुलिस को सफलता मिली है. CEIR पोर्टल की मदद से जनवरी से जुलाई के बीच 4,053 मोबाइल फोन बरामद किए गए. इन मोबाइल को उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिया गया.

पुलिस को मिले नए वाहन
झारखंड पुलिस ने अपने संसाधनों को मजबूत करने पर भी जोर दिया है. मार्च 2026 में पुलिस को 636 चारपहिया और 849 दोपहिया वाहन मिले. इसके अलावा 627 चारपहिया और 848 दोपहिया वाहनों की खरीद के आदेश जारी किए गए हैं.



237 आश्रितों को मिली सरकारी नौकरी
पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़े आंकड़े भी रिपोर्ट में शामिल हैं. पुलिस के 237 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी दी गई. वहीं, 37 वीरता पदक पाने वाले पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया गया. पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, अपराध और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई के साथ पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर भी काम जारी है. तकनीक के इस्तेमाल, बेहतर संसाधनों और जवानों के कल्याण को भी प्राथमिकता दी जा रही है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !