Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-24

Nikhar Sablok Murder: चांडिल के होटल 10th माइल्स में दिनदहाड़े कारोबारी की हत्या, CCTV में दिखे दो संदिग्ध शूटर; SP ने लिया घटनास्थल का जायजा

Nikhar Sablok Murder: सरायकेला-खरसावां जिले में चांडिल के आसनबनी स्थित होटल 10th माइल्स में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े फायरिंग से सनसनी फैल गई. होटल से बाहर निकलते ही जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी गईं. फायरिंग में निखार गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जमशेदपुर के टीएमएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मृतक निखार सबलोक कदमा के विजया हेरिटेज के रहने वाले थे.

होटल के रेस्टोरेंट से बाहर निकलते ही बरसने लगीं गोलियां
जानकारी के अनुसार, निखार सोमवार दोपहर होटल 10th माइल्स में दो लोगों के साथ मीटिंग कर रहे थे. मीटिंग करने के बाद जैसे ही निखार रेस्टोरेंट के बाहर निकले, तभी घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी. सूत्रों के अनुसार, हमलावरों ने कई राउंड ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कुल 9 गोलियां निखार के छाती, गले और शरीर के ऊपरी हिस्से में लगीं. फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद होटल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.



CCTV में दिखे दो संदिग्ध
वारदात की जांच में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं. शुरुआती जांच में घटनास्थल के आसपास दो संदिग्ध लोगों के दिखाई देने की बात सामने आई है. पुलिस CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों संदिग्ध स्थानीय थे या किसी दूसरे जिले से यहां पहुंचे थे.



पहले से होटल के आसपास मौजूद थे शूटर?
सूत्रों के मुताबिक, दोनों संदिग्ध हमलावर निखार के रेस्टोरेंट से बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे. आशंका है कि दोनों पहले से होटल के आसपास मौजूद थे और मौका मिलते ही उन्होंने निखार पर फायरिंग कर दी. हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस ने नहीं की है. पुलिस CCTV फुटेज और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों के जरिए पूरे घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश कर रही है.



बाहर से शूटर बुलाए जाने का भी शक
जांच में पुलिस इस संभावना को भी देख रही है कि हत्या के लिए दूसरे जिले से शूटर बुलाए गए थे. CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावर घटना के बाद किस रास्ते से भागे.

जमीन विवाद का एंगल भी सामने आया
सूत्रों की माने तो निखार सबलोक की हत्या के पीछे जमीन विवाद का एंगल भी सामने आया है. सूत्रों के मुताबिक, हत्या की वजह किसी जमीन विवाद से जुड़ी हो सकती है. हालांकि, पुलिस ने अभी इस एंगल की पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि हत्या की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.



एसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना के बाद सरायकेला-खरसावां एसपी मनोज स्वर्गीयारी सोमवार शाम पुलिस टीम के साथ होटल 10th माइल्स पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच में जुटे पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली. एसपी ने कहा कि फिलहाल मामला अनुसंधान का विषय है. पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

मौके से खोखे बरामद, जांच तेज
पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं. इसके अलावा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जुटाई जा रही है. पुलिस अब हमलावरों की पहचान के साथ हत्या की वजह का पता लगाने में जुटी है. जांच का फोकस यह पता लगाने पर भी है कि निखार को निशाना बनाने की साजिश किसने रची और हमलावरों को किसने भेजा.

फिलहाल पुलिस ने किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है. मामले की जांच जारी है.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !