Bokaro News: गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को इलाज में आर्थिक सहायता देने और कैंसर की समय पर पहचान के लिए झारखंड सरकार ने बोकारो के लिए अतिरिक्त फंड जारी किया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वास्थ्य योजनाओं के संचालन के लिए जिले को 3 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि मिली है। इस राशि से इलाज, डायग्नोस्टिक जांच और कैंसर स्क्रीनिंग जैसी सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से राशि जारी करने का आदेश दिया गया है। सरकार का उद्देश्य गंभीर बीमारी से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों को उपचार में आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के साथ कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की शुरुआती स्तर पर पहचान सुनिश्चित करना है।
इलाज और कैंसर स्क्रीनिंग के लिए होगा फंड का इस्तेमाल
जारी की गई राशि का उपयोग मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क डायग्नोस्टिक एवं रेडियोलॉजी जांच योजना और मुख्यमंत्री निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग योजना के तहत किया जाएगा।
इन योजनाओं के जरिए गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए आर्थिक सहायता मिलने के साथ जरूरी जांच की सुविधा भी उपलब्ध होगी। वहीं सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग से बीमारी की शुरुआती पहचान में मदद मिलेगी।
चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 5 करोड़ का आवंटन
वित्तीय वर्ष 2026-27 में बोकारो को इन स्वास्थ्य योजनाओं के लिए पहले ही 2 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। अब 3 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी होने के बाद जिले को चालू वित्तीय वर्ष में कुल 5 करोड़ रुपये का आवंटन हो गया है। मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना का लाभ लेने के लिए आय संबंधी शर्त भी निर्धारित है। ऐसे परिवार इस योजना के पात्र होंगे, जिनकी लगातार तीन वर्षों तक सकल वार्षिक आय 8 लाख रुपये से कम रही है।
सिविल सर्जन के जिम्मे होगी राशि, हर महीने देना होगा खर्च का हिसाब
सरकार ने जारी फंड की निकासी और उसके उपयोग की जिम्मेदारी बोकारो के सिविल सर्जन को दी है। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि राशि का इस्तेमाल सिर्फ निर्धारित स्वास्थ्य योजनाओं के लिए ही किया जाए। फंड के उपयोग की निगरानी के लिए सरकार ने रिपोर्टिंग व्यवस्था भी तय की है। सिविल सर्जन को प्रत्येक महीने की 7 तारीख तक खर्च की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र स्वास्थ्य विभाग की बजट शाखा को उपलब्ध कराना होगा।
सरकार के इस कदम से बोकारो में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता और कैंसर समेत अन्य जरूरी जांच सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।