Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-25

Jharkhand Cabinet Decisions: झारखंड कैबिनेट की बैठक में 53 प्रस्तावों पर लगी मुहर, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए बड़े बजट को मंजूरी

Jharkhand Cabinet Decisions: झारखंड कैबिनेट की बैठक में मंगलवार को 53 प्रस्तावों पर मुहर लगी. इन फैसलों का असर स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, सड़क, पुलिस और कृषि समेत कई क्षेत्रों पर पड़ेगा. सरकार ने खास तौर पर स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कई बड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी है.

जमशेदपुर के MGM मेडिकल कॉलेज के लिए 393 करोड़ से ज्यादा
कैबिनेट ने जमशेदपुर के MGM मेडिकल कॉलेज के विकास के लिए 393 करोड़ 91 लाख 9 हजार 600 रुपये मंजूर किए हैं. इस राशि से वर्ष 2026-27 से 2029-30 के बीच कॉलेज में कई सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा. MBBS और PG की सीटें बढ़ाने के साथ नए विषय शुरू करने की भी योजना है.

धनबाद मेडिकल कॉलेज में भी बढ़ेंगी सीटें
धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज के लिए भी बड़ा बजट मंजूर किया गया है. कॉलेज के विकास और सीटें बढ़ाने के लिए 495 करोड़ 77 हजार 600 रुपये की स्वीकृति दी गई है. SNMMCH में UG की 100 सीटों को बढ़ाकर 250 करने का प्रस्ताव है. PG की सीटें भी बढ़ाई जाएंगी. इसके लिए अलग से 275 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं.

डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए नई नियमावली
सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए भी कैबिनेट ने फैसला लिया है. संविदा पर डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए चिकित्सक नियुक्ति नियमावली 2026 को मंजूरी दी गई. वहीं गैर-शैक्षणिक और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवानिवृत्ति उम्र 67 से घटाकर 65 साल कर दी गई है. पाकुड़ सदर अस्पताल के सेवानिवृत्त चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ताजुल मुल्क की प्रतीक्षारत अवधि को भी मंजूरी दी गई. इसके साथ उनके वेतन भुगतान का रास्ता साफ किया गया है.

100 और स्कूल बनेंगे मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय
शिक्षा के क्षेत्र में भी कैबिनेट ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए. राज्य में 100 और स्कूलों को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा. इसके लिए 721 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है. पांच नए प्रखंडों में झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय भी खोले जाएंगे. इनके भवन निर्माण के लिए करीब 49.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं.

छात्राओं को हर महीने मिलेंगे सैनिटरी नैपकिन
कक्षा 6 से 12 तक पढ़ने वाली छात्राओं के लिए भी कैबिनेट ने बड़ा फैसला लिया है. योजना के तहत छात्राओं को हर महीने अधिकतम 10 मुफ्त बायो-डिग्रेडेबल सैनिटरी नैपकिन दिए जाएंगे. इस योजना पर 124 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

बच्चों के लिए कैलेंडर और स्टूडेंट डायरी
ज्ञानोदय योजना के तहत शुरुआती कक्षाओं के बच्चों के लिए बाइलिंगुअल पेरेंटल कैलेंडर तैयार किया जाएगा. इस पर 73.66 करोड़ रुपये खर्च होंगे. कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों को स्टूडेंट डायरी देने की योजना पर 27.87 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

शिक्षा कर्मचारियों से जुड़े भी कई फैसले
झारखंड अवर शिक्षा सेवा के पदाधिकारियों को राज्य शिक्षा सेवा वर्ग-2 में पिछली तारीख से प्रोन्नति देने की मंजूरी दी गई. आवासीय स्कूलों में काम कर रहे अंशकालिक शिक्षकों की सेवा अवधि भी बढ़ाई गई है. गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की गाइडलाइन में बदलाव किया गया. इसके अलावा झारखंड छात्र अनुसंधान और नवाचार नीति 2026 को भी मंजूरी मिली.

66 थानों में लगेंगे CCTV कैमरे
पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कैबिनेट ने बड़ा फैसला लिया. राज्य के 66 पुलिस थानों में 96 CCTV कैमरे लगाए जाएंगे. इसके लिए 90 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं.

तोपचांची झील का होगा सौंदर्यीकरण
धनबाद की तोपचांची झील के विकास और सौंदर्यीकरण की योजना को भी मंजूरी मिली. PPP मॉडल पर होने वाले इस काम के लिए 84.29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं.



किसानों के लिए फार्म रजिस्ट्री अभियान
डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत राज्य में कैंप लगाकर फार्म रजिस्ट्री का काम किया जाएगा. इस दौरान भूमि रिकॉर्ड को अपडेट करने के साथ किसानों का Farmer ID भी बनाया जाएगा. इसके अलावा कार्मिक, सड़क, जलापूर्ति, जेल और राजस्व विभाग से जुड़े कई प्रस्तावों को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है. सरकार के इन फैसलों में शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !