Jharkhand Crime News: दुमका के हंसडीहा के नौनीहाट में एक रसोइये की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. मृतक की पहचान सोनू राउत के रूप में हुई है. सोनू जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर के यहां खाना बनाने का काम करता था. सोमवार को उसका शव डाक बंगला परिसर स्थित कमरे में पंखे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में चर्चा तेज हो गई. वहीं, सोनू के परिवार ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार किया है. परिजनों ने हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है.
विधायक समेत 9 नामजद
परिजनों की शिकायत पर विधायक देवेंद्र कुंवर समेत 9 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज हुई है. दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने FIR दर्ज होने की पुष्टि की है. दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है. FIR में विधायक की पत्नी, बेटा रवि कुमार, बेटे की पत्नी और साला मिथिलेश कुमार सिंह के नाम शामिल हैं. इसके अलावा सरहज, सरहज के बेटे, निजी चालक और निजी स्टाफ से जुड़े एक व्यक्ति को भी नामजद किया गया है. हालांकि, FIR में लगाए गए आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है.
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल, हत्या या आत्महत्या?
एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि अभी मौत की वजह स्पष्ट नहीं है. पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है. एसपी ने खुद घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की है. फोरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद जांच आगे बढ़ेगी.
दो महीने पहले ही शुरू किया था काम
सोनू देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र के दोयम तेलियाडीह गांव का रहने वाला था. वह करीब दो महीने से नौनीहाट में विधायक के यहां रसोइये का काम कर रहा था. मनसा पूजा के लिए वह हाल ही में अपने गांव गया था. परिजनों के अनुसार, सोनू शनिवार को ही नौनीहाट वापस लौटा था. सोमवार सुबह उसने नाश्ता बनाया. नाश्ता बनाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया. दोपहर में जब खाना बनाने के लिए उसे बुलाया गया तो वह नहीं मिला. तलाश के दौरान कमरे में उसका शव पंखे से लटका मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता ने खाया जहरीला पदार्थ
सोनू की मौत की खबर सुनने के बाद उसके पिता अनिल राउत के जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है. परिजनों ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया था. बाद में परिजन बिना अस्पताल को सूचना दिए उन्हें दूसरी जगह इलाज के लिए ले गए. अस्पताल प्रबंधन ने बिना सूचना मरीज को ले जाने के कारण उन्हें LAMA घोषित कर दिया.
तीसरी बार विधायक बने हैं देवेंद्र कुंवर
देवेंद्र कुंवर जरमुंडी विधानसभा सीट से BJP विधायक हैं. हालिया विधानसभा चुनाव में संताल परगना की 18 सीटों में BJP की ओर से जीतने वाले वह एकमात्र विधायक रहे. देवेंद्र कुंवर लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. सोनू की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम, फोरेंसिक रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ होगी.