Guruji Credit Card News: उच्च शिक्षा के लिए बैंक लोन लेने वाले झारखंड के छात्रों को अब थोड़ी राहत मिलने वाली है. राज्य कैबिनेट ने गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना में बड़ा बदलाव किया है. अब 4 लाख रुपये से अधिक के शिक्षा लोन पर छात्रों को 5 प्रतिशत मार्जिन मनी नहीं देनी होगी. यानी पात्र छात्रों को स्वीकृत लोन की राशि का ज्यादा हिस्सा मिल सकेगा. सरकार को उम्मीद है कि इससे पढ़ाई का खर्च जुटाने में छात्रों और उनके परिवारों को राहत मिलेगी.
4 लाख से ज्यादा के लोन पर बदला नियम
गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना में पहले 4 लाख रुपये से अधिक के लोन पर 5 प्रतिशत मार्जिन मनी देनी पड़ती थी. कैबिनेट ने अब इस शर्त को खत्म कर दिया है. इससे पात्र छात्रों को शिक्षा ऋण की स्वीकृत राशि का पूरा लाभ मिलने का रास्ता आसान होगा. शुरुआत में फीस और दूसरे खर्च जुटाने का दबाव भी कम हो सकता है.
पहले जमा की गई फीस भी लौटाई जा सकेगी
छात्रों के सामने एक और बड़ी परेशानी एडमिशन के समय आती थी. कॉलेज में एडमिशन जल्दी हो जाता था, लेकिन बैंक से लोन मिलने में समय लग जाता था. ऐसे में कई छात्रों को पहला सेमेस्टर या पहला साल शुरू करने के लिए फीस अपनी जेब से भरनी पड़ती थी. अब पहले जमा की गई फीस की एकमुश्त वापसी का प्रावधान किया गया है. छात्र इसके लिए वेब पोर्टल से आवेदन कर सकेंगे. आवेदन मिलने के बाद बैंक या संबंधित ऋणदाता संस्था इसका सत्यापन करेगी. मंजूरी के बाद राशि छात्र के बैंक खाते में भेज दी जाएगी.
अब केंद्रीय विश्वविद्यालयों में पढ़ने वालों को भी फायदा
सरकार ने योजना का दायरा भी बढ़ा दिया है. अब भारत सरकार से अधिसूचित सभी केंद्रीय विश्वविद्यालय इस योजना में शामिल होंगे. इसके साथ कई अन्य पात्र संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी इसका लाभ मिलेगा. इनमें साउथ एशिया यूनिवर्सिटी, नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी, इंडियन मेरीटाइम यूनिवर्सिटी और राजीव गांधी नेशनल एविएशन यूनिवर्सिटी समेत अन्य संस्थान शामिल हैं.
परिवारों पर शुरुआती खर्च का बोझ होगा कम
सरकार के मुताबिक, इस बदलाव का सीधा फायदा उच्च शिक्षा के लिए लोन लेने वाले छात्रों को मिलेगा. एडमिशन के समय फीस जुटाने का दबाव परिवारों पर कम होगा. केंद्रीय और राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों में पढ़ाई का विकल्प भी ज्यादा छात्रों के लिए खुल सकेगा. सरकार का कहना है कि नए बदलावों से गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना ज्यादा आसान और छात्र केंद्रित बनेगी.