Nepal News: नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार तड़के भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी। नदी का पानी तेजी से आसपास के इलाकों में फैल गया और कई बस्तियां इसकी चपेट में आ गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक 13 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की आशंका है।
बाढ़ से कई बस्तियों में मची तबाही
भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से रसुवा जिले के कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। उत्तरगया ग्रामीण नगरपालिका की उपाध्यक्ष चमेली गुरुङ के मुताबिक करीब एक दर्जन बस्तियां प्रभावित हुई हैं। इनमें स्याफ्रुबेसी, बेत्रावती, मैलुंग, सल्लेतार, शांतिबाजार, पैरेबेसी, खल्ती, सोले, त्रिशूली और बट्टार शामिल हैं।

13 शव बरामद और कई के लापता होने की आशंका
बाढ़ के बाद बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया है। अब तक 13 शव निकाले जाने की जानकारी सामने आई है वहीं, बड़ी संख्या में लोगों के बहने और लापता होने की आशंका जताई जा रही है। कुछ शुरुआती रिपोर्टों में करीब 1000 लोगों के बहने की आशंका बताई गई है। हालांकि, इसका आधिकारिक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।

पर्यटक और सुरक्षाकर्मी भी प्रभावित
बाढ़ की चपेट में पर्यटकों के भी आने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि करीब 50 पर्यटक संपर्क से बाहर हैं।इसके अलावा एक दर्जन के आसपास सशस्त्र पुलिसकर्मियों के भी प्रभावित होने की बात सामने आई है। बाढ़ के पानी में कई वाहन और अन्य सामान भी बह गए हैं। कुछ महत्वपूर्ण इमारतों और ढांचों को भी नुकसान पहुंचा है।
सरकार ने बुलाई आपात बैठक
हालात को देखते हुए नेपाल के प्रधानमंत्री ने आपात बैठक बुलाई है। देश के पांच जिलों में बाढ़ को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को नदियों के किनारे से दूर जाकर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
आधिकारिक आंकड़ों का इंतजार
प्रशासन ने अभी तक मौत, घायलों और संपत्ति के नुकसान का अंतिम आंकड़ा जारी नहीं किया है। स्थानीय प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियां और राहत टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में काम कर रही हैं। फिलहाल प्राथमिकता लापता लोगों की तलाश और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना है।