Aurangabad News: औरंगाबाद सदर अस्पताल में बुधवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद अचानक मारपीट में बदल गया. शादी को लेकर प्रेमी-प्रेमिका पक्ष के बीच विवाद के बाद अस्पताल परिसर में करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा. सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की.
शादी की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद
मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वाजिदपुर से जुड़ा बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, एक युवक पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं. आरोप है कि वह दूसरी महिला के साथ शादी करने की तैयारी कर रहा था. बताया गया कि महिला के भी पांच बच्चे हैं.
युवक पिटाई के बाद अस्पताल पहुंचा था
परिजनों को जब युवक की शादी की जानकारी मिली तो उन्होंने उसका विरोध किया. आरोप है कि इसी दौरान युवक के साथ मारपीट की गई. मारपीट में घायल युवक इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचा था. बताया जा रहा है कि युवक ने कोर्ट से जरूरी कागजात बनवाए थे. इसके बाद वह इलाज कराने अस्पताल आया था.
युवक के अस्पताल पहुंचने की जानकारी उसके परिजनों को मिल गई. इसके बाद कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर सदर अस्पताल पहुंच गए. आरोप है कि यहां युवक के साथ आई महिला और उसके परिजनों के साथ मारपीट की गई. अस्पताल परिसर में करीब दो घंटे तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.

सोने-चांदी के सामान को लेकर भी आरोप
युवक के परिजनों ने आरोप लगाया कि उसने अपनी कमाई से खरीदे गए सोने-चांदी के सामान दूसरी महिला को दे दिए हैं. इन सामानों में मंगलसूत्र और चेन समेत अन्य आभूषण शामिल होने की बात कही गई है. परिजनों का दावा है कि ये सामान उसकी भतीजी के लिए बनवाए गए थे.
पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ की
हंगामे की सूचना अस्पताल प्रबंधन ने नगर थाना पुलिस को दी. इसके बाद नगर थाना पुलिस और डायल-112 की टीम अस्पताल पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को अपने साथ थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. मारपीट और शादी से जुड़े आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.