Jharkhand Congress: झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधा है. पार्टी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने छात्रों के मुद्दे को लेकर मरांडी के रुख पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि अगर छात्रों की समस्याओं को लेकर पत्र लिखना नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी है, तो उन्हें बिहार में छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई पर भी आवाज उठानी चाहिए.
बिहार में छात्रों पर कार्रवाई का उठाया मुद्दा
राकेश सिन्हा ने कहा कि बिहार में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल की बात सामने आई है. उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी को इस मामले में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर जवाब मांगना चाहिए.
"छात्रों के मामले में दोहरा रवैया क्यों?"
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं का रुख अलग-अलग राज्यों में अलग नहीं होना चाहिए. उनका कहना है कि झारखंड में छात्रों के मुद्दे पर चिंता जताई जाती है, लेकिन बिहार में पुलिस कार्रवाई के मामले में चुप्पी साध ली जाती है. राकेश सिन्हा ने इसे भाजपा का दोहरा रवैया बताया.
शांतिपूर्ण प्रदर्शन छात्रों का अधिकार: कांग्रेस
राकेश सिन्हा ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार है. उन्होंने कहा कि सरकार को पहले छात्रों की बात सुननी चाहिए. समस्या का हल बातचीत के जरिए निकाला जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल किसी विवाद को सुलझाने का पहला रास्ता नहीं होना चाहिए. राकेश सिन्हा ने बाबूलाल मरांडी से पूछा कि अगर बिहार में छात्रों पर हुई कार्रवाई गलत है, तो वह इसके खिलाफ पत्र कब लिखेंगे. उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकारों को लेकर सभी राज्यों में एक समान नीति और रवैया होना चाहिए.
MMDR बिल पर भी पत्र लिखने की मांग
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने बाबूलाल मरांडी से प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर MMDR संशोधन बिल वापस लेने की मांग करने को भी कहा. उन्होंने कहा कि यह मामला सीधे झारखंड के हितों से जुड़ा है. राकेश सिन्हा के मुताबिक, नेता प्रतिपक्ष होने के नाते बाबूलाल मरांडी को राज्य के हित में अपनी भूमिका निभानी चाहिए.