Giridih: कोलकाता के बेनियापुकुर थाना क्षेत्र से चोरी किए गए सोने के आभूषण गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र से बरामद किए गए हैं. कोलकाता पुलिस ने मामले में जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज निवासी घुपन पासवान को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, बरामद आभूषणों की कीमत 55 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. हालांकि, सोने की सही मात्रा, वजन और कीमत की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
ठेकेदार के घर काम करता था आरोपी
घुपन पासवान कोलकाता में एक बड़े ठेकेदार के घर काम करता था. वह वहां कोठीबारी के काम के साथ खाना बनाने का काम भी करता था. आरोप है कि इसी दौरान उसने घर में रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिए. घटना के बाद वह आभूषण लेकर गिरिडीह चला आया. बताया जा रहा है कि चोरी का सोना उसने पचम्बा थाना क्षेत्र के कमरसाली स्थित अपनी ससुराल में छिपाकर रखा था. उसकी सास का नाम देवकी देवी बताया गया है.
कोलकाता में दर्ज हुआ था मामला
आभूषण चोरी होने के बाद ठेकेदार ने कोलकाता पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. इसके आधार पर बेनियापुकुर थाना में कांड संख्या 280/26 दर्ज किया गया. जांच के दौरान पुलिस को घुपन पासवान के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद कोलकाता पुलिस ने उसे कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में पुलिस को चोरी के आभूषण गिरिडीह में छिपाए जाने की जानकारी मिली.
पचम्बा पुलिस की मदद से हुई छापेमारी
जानकारी मिलने के बाद कोलकाता पुलिस की टीम गिरिडीह पहुंची. यहां पचम्बा थाना पुलिस के सहयोग से कमरसाली स्थित आरोपी के ससुराल में छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां से सोने के आभूषण बरामद किए. कार्रवाई पूरी होने के बाद कोलकाता पुलिस आरोपी और बरामद आभूषणों को अपने साथ ले गई.
चोरी में किसी और की भूमिका की भी जांच
मामले में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी में घुपन पासवान के अलावा कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं. आभूषणों को गिरिडीह लाने और उन्हें छिपाकर रखने में किसी अन्य व्यक्ति की मदद ली गई थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. फिलहाल कोलकाता पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. बरामद सोने की वास्तविक मात्रा और कीमत को लेकर अंतिम जानकारी पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही सामने आएगी.