Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-27

Dhanbad News: धनबाद के SNMMCH में HIV जांच की गड़बड़ी के बीच प्रसूता का सिजेरियन, उसी OT में 4 अन्य महिलाओं के भी हुए ऑपरेशन

Dhanbad News: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में प्रसूता की HIV जांच और सिजेरियन ऑपरेशन को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं. आरोप है कि पहली जांच में HIV रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद महिला का बिना विशेष सेफ्टी किट के ऑपरेशन किया गया.इसके बाद उसी ऑपरेशन थिएटर में चार अन्य प्रसूताओं का भी सिजेरियन हुआ. महिला की दोबारा जांच में HIV रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल में मामला गंभीर हो गया.

पहले जांच में आई थी पॉजिटिव रिपोर्ट
बताया गया कि बैंक मोड़ क्षेत्र की एक महिला को प्रसव पीड़ा के बाद सदर अस्पताल लाया गया था. सिजेरियन की जरूरत को देखते हुए उसकी HIV जांच कराई गई. यहां रिपोर्ट पॉजिटिव बताई गई. सेफ्टी किट उपलब्ध नहीं होने की वजह से महिला को सिजेरियन के लिए SNMMCH रेफर किया गया.

मेडिकल कॉलेज में रिपोर्ट निगेटिव आई
SNMMCH पहुंचने के बाद महिला को गायनी विभाग में भर्ती किया गया. ऑपरेशन से पहले क्लिनिकल पैथोलॉजी लैब में दोबारा HIV जांच हुई. इसमें रिपोर्ट निगेटिव आने की बात सामने आई. इसी रिपोर्ट के आधार पर महिला का सिजेरियन कर दिया गया. आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान विशेष सुरक्षा किट का इस्तेमाल नहीं किया गया. इसके बाद उसी OT में चार अन्य प्रसूताओं के भी ऑपरेशन हुए.

दूसरी जांच में HIV पॉजिटिव
मामला तब सामने आया जब महिला की दोबारा HIV जांच कराई गई. ICTC में उपलब्ध किट से हुई जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई. इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया. एहतियात के तौर पर महिला के पति, सास-ससुर और माता-पिता के भी सैंपल लिए गए हैं. उनकी रिपोर्ट का इंतजार है.

जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी
SNMMCH अधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार गिंदौड़िया ने मामले की पुष्टि करते हुए गायनी विभाग के इंचार्ज को जांच का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि किन परिस्थितियों में महिला का ऑपरेशन किया गया और जांच रिपोर्ट में अंतर कैसे आया, इसकी पड़ताल की जा रही है.

अधीक्षक के मुताबिक, जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस मामले में जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि रिपोर्ट में अंतर किस वजह से आया और ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किस स्तर पर हुआ.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !