Hazaribagh: हजारीबाग के ओकनी की रहने वाली कुमारी तानवी ने मॉडलिंग के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है. बैंक ऑफ इंडिया से रिटायर्ड बैंककर्मी चंद्रशेखर आजाद की बेटी तानवी ने "Mrs Top India Model-National Brand Ambassador 2026" का खिताब अपने नाम किया है.
गोवा प्रतियोगिता में हासिल की सफलता
तानवी ने गोवा में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय मॉडलिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था. वहां उन्होंने मंच पर बेहतर प्रदर्शन किया और द्वितीय उपविजेता रहीं. गोवा में प्रदर्शन के बाद तानवी का चयन प्रतियोगिता के अगले चरण के लिए हुआ.
जयपुर में हुआ फाइनल मुकाबला
इसके बाद जयपुर में प्रतियोगिता का अंतिम चरण आयोजित किया गया. इसमें तानवी ने कई राउंड में हिस्सा लिया. इनमें व्यक्तित्व विकास, प्रतिभा प्रदर्शन और सवाल-जवाब के दौर शामिल थे. तानवी ने अपने आत्मविश्वास और प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया.
ग्रैंड फिनाले में मिला खिताब
ग्रैंड फिनाले में बेहतर प्रदर्शन के बाद तानवी को Mrs Top India Model-National Brand Ambassador 2026 के खिताब से सम्मानित किया गया. उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी है. हजारीबाग के लोगों ने भी उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. तानवी की सफलता को युवा प्रतिभाओं, खासकर महिलाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है. उनकी उपलब्धि यह दिखाती है कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकती हैं.