11:50 बजे गंगा बैराज के पास क्रैश हुआ ट्रेनिंग प्लेन
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के मुताबिक, विमान ने गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से करीब 11:30 बजे उड़ान भरी थी. करीब 20 मिनट बाद 11:50 बजे विमान गंगा बैराज के पास क्रैश हो गया. विमान में इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी सवार थे. सचिन भाटिया गुजरात के रहने वाले थे. अभिषेक पुजारी कर्नाटक के निवासी थे. हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंच गई. सुरक्षा को देखते हुए पूरे इलाके को सील कर दिया गया. जांच टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. हादसे के बाद आसपास के लोगों में भी अफरा तफरी मच गई.
हादसे की वजह अभी साफ नहीं
शुरुआती जानकारी में विमान में तकनीकी परेशानी की बात सामने आ रही है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. यह भी साफ नहीं है कि हादसा तकनीकी खराबी, मौसम या किसी दूसरी वजह से हुआ. उड्डयन अधिकारियों और जांच एजेंसी की रिपोर्ट के बाद ही दुर्घटना की सही वजह सामने आएगी.
ट्रेनिंग उड़ानों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद विमान के रखरखाव और ट्रेनिंग उड़ानों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. जांच टीम विमान से जुड़े तकनीकी पहलुओं और दूसरी परिस्थितियों की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई जारी है. हादसे की अंतिम वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.