Jamshedpur News: मानगो पुल पर बने बड़े गड्ढे को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने चिंता जताई है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पुल की तत्काल मरम्मत कराने और गड्ढे को जल्द भरने का आग्रह किया है. सरयू राय ने गड्ढे की तस्वीर पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय और टाटा स्टील यूआईएसएल के महाप्रबंधक आर.के. सिंह को भेजी. उन्होंने अधिकारियों से सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए तुरंत कार्रवाई करने को कहा.
जल्द भरवाया जाएगा गड्ढा
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय ने बताया कि मानगो पुल की देखरेख की जिम्मेदारी टीएसयूआईएसएल के पास है. उन्होंने कहा कि अगर वहां से मरम्मत नहीं कराई जाती है, तो विभाग खुद गड्ढे को भरने की कार्रवाई करेगा. वहीं, टीएसयूआईएसएल के महाप्रबंधक आर.के. सिंह ने भी जल्द गड्ढा भरने और पुल-पथ की जरूरी मरम्मत कराने का भरोसा दिया. सरयू राय ने कहा कि गड्ढे को भरने में ज्यादा समय नहीं लगता. इसलिए इसमें देरी नहीं होनी चाहिए.
पुराने हादसे का दिया हवाला
विधायक ने मानगो छोटा पुल पर हुए एक पुराने हादसे का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक, करीब 20-25 दिन पहले बारिश के पानी से सड़क पर बने गड्ढे का पता नहीं चल सका था. एक मोटरसाइकिल सवार युवक गड्ढे में जाने के बाद सड़क पर गिर गया था. इसी दौरान पीछे से आ रही कार की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के लिए टीएमएच ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई थी.
सरयू राय ने बताया कि वह मृतक के परिवार से मिलने उनके घर भी गए थे. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए सड़क की खामियों को समय रहते दूर करना जरूरी है.
हादसे से पहले हो स्थायी समाधान
सरयू राय का कहना है कि मानगो पुल का मौजूदा गड्ढा भी वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकता है. खासकर बारिश के दौरान पानी भरने पर इसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो सकता है. उन्होंने संबंधित विभाग और टीएसयूआईएसएल से जल्द कार्रवाई कर पुल को सुरक्षित बनाने की मांग की है.