Hazaribagh Vande Bharat Accident: रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस शुक्रवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गई. चरही और बेस रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक पर अचानक लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई.
ट्रैक पर ट्रैक्टर-ट्रॉली देखकर ट्रेन को रोकने की कोशिश की गई. हालांकि, तब तक ट्रेन उससे टकरा गई. टक्कर के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई.
ट्रेन में सवार यात्री सुरक्षित
हादसे में राहत की बात यह रही कि ट्रेन में सवार किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
टक्कर में वंदे भारत एक्सप्रेस के कुछ हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, ट्रेन को कितना नुकसान हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
ट्रैक पर कैसे पहुंची ट्रैक्टर-ट्रॉली?
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची.
रेलवे की टीम घटना की जांच कर रही है. जांच के बाद ही पता चलेगा कि ट्रैक पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पहुंचने के पीछे किसकी लापरवाही थी और सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई या नहीं.
41 मिनट देर से पहुंची ट्रेन
घटना का असर वंदे भारत एक्सप्रेस के परिचालन पर भी पड़ा. जानकारी के मुताबिक ट्रेन हजारीबाग स्टेशन करीब 41 मिनट की देरी से पहुंची.
फिलहाल रेलवे अधिकारी हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद घटना और ट्रेन को हुए नुकसान की तस्वीर और साफ हो सकेगी.