Jharkhand News: 48 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार CISF के सीनियर अकाउंटेंट संतोष महतो की संपत्ति को लेकर CBI की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. जांच एजेंसी को उसके पास नकद रुपये, लाखों के जेवर, जमीन और फ्लैट होने की जानकारी मिली है.
CBI ने 27 अगस्त को संतोष महतो के साथ CISF के असिस्टेंट अकाउंटेंट सुनील कुमार और सुजीत कुमार सिंह को कथित तौर पर 48 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद CBI ने तीनों आरोपियों के रांची और धनबाद स्थित ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान कई अहम दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए.
छापेमारी में नकद और जेवर मिले
CBI के मुताबिक, तलाशी के दौरान करीब 10 लाख रुपये नकद और लगभग 30 लाख रुपये के जेवर मिलने की जानकारी सामने आई. इसके अलावा निवेश और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी एजेंसी के हाथ लगे हैं. अब इन दस्तावेजों की जांच की जा रही है. इसी जांच के दौरान संतोष महतो की कई संपत्तियों के बारे में जानकारी सामने आई.
दिल्ली के पास जमीन और फ्लैट की जानकारी
जांच एजेंसी को पता चला है कि संतोष महतो के नाम पर दिल्ली में यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास जमीन और फ्लैट भी हैं. इन संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है. CBI अब यह पता लगाने में जुटी है कि संतोष महतो के पास कुल कितनी संपत्ति है और इन संपत्तियों को खरीदने के लिए रकम कहां से आई.
निवेश से जुड़े कागजात की भी जांच
छापेमारी में मिले निवेश संबंधी दस्तावेजों और दूसरे रिकॉर्ड की जांच जारी है. एजेंसी इनकी मदद से संतोष महतो की संपत्ति और निवेश का पूरा ब्योरा जुटाने की कोशिश कर रही है. CBI की जांच आगे बढ़ने के साथ उसकी कुल संपत्ति और अन्य निवेश से जुड़े और तथ्य सामने आने की संभावना है.