Jharkhand Influenza A H1N1 H3N2: देश के कई राज्यों में इन्फ्लूएंजा A H1N1 और H3N2 के मामले सामने आने के बाद झारखंड स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है. हालांकि, राज्य में अभी तक इन्फ्लूएंजा संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है. स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है. अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी वाले मरीजों पर खास नजर रखी जा रही है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेजों और जिला सर्विलांस पदाधिकारियों को जरूरी तैयारी पूरी रखने को कहा है.
अस्पतालों में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने का निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में कम से कम 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने को कहा है. अस्पतालों में PPE किट, N95 मास्क और ट्रिपल लेयर मास्क की पर्याप्त व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया है. जांच किट, जरूरी दवाएं, ऑक्सीजन और वेंटिलेटर भी उपलब्ध रखने को कहा गया है. H1N1 और H3N2 की जांच की सुविधा फिलहाल RIMS रांची और MGM जमशेदपुर में उपलब्ध है. अस्पतालों की OPD में भी ऐसे मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी, जिनमें सर्दी, खांसी, बुखार या गंभीर सांस संबंधी लक्षण हैं.
बच्चों और बुजुर्गों का रखना होगा ज्यादा ध्यान
स्वास्थ्य विभाग ने कुछ लोगों को संक्रमण के प्रति विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. इनमें बुजुर्ग, 5 साल तक के बच्चे और गर्भवती महिलाएं शामिल हैं. गंभीर और पुरानी बीमारी से जूझ रहे लोगों को भी ज्यादा सावधान रहने को कहा गया है.
संक्रमण से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने की अपील की है. खांसते या छींकते समय नाक और मुंह ढंकने की सलाह दी गई है. लोगों को पर्याप्त पानी और तरल पदार्थ लेने को कहा गया है. हाथ मिलाने से बचने और सार्वजनिक जगहों पर नहीं थूकने की भी सलाह दी गई है. गंदे हाथों से आंख, नाक और मुंह छूने से बचना चाहिए. डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक दवा नहीं लेने को भी कहा गया है.
अगर किसी व्यक्ति में इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो नजदीकी सदर अस्पताल या सरकारी अस्पताल में संपर्क करने की सलाह दी गई है. स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और जरूरी सलाह के लिए 24 घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर 104 पर भी संपर्क किया जा सकता है.