Delhi CNG Price Hike: दिल्ली-NCR में CNG से वाहन चलाने वालों की जेब पर अब अतिरिक्त बोझ पड़ेगा. IGL ने CNG की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है. नई दरें शनिवार, 29 अगस्त 2026 की सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं. दिल्ली में अब CNG 83.09 रुपये प्रति किलो मिलेगी.
NCR के शहरों में भी बढ़ी कीमत
इस बढ़ोतरी का असर दिल्ली के साथ NCR के दूसरे शहरों में भी पड़ा है. नोएडा और गाजियाबाद में CNG की नई कीमत 95.59 रुपये प्रति किलो है. मेरठ में यह 95.47 रुपये और गुरुग्राम में 92.01 रुपये प्रति किलो हो गई है. अलग-अलग राज्यों में VAT की दर अलग होने के कारण शहरों के हिसाब से CNG के दाम भी अलग हैं.
LNG महंगी होने का असर
IGL के मुताबिक, CNG तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाली गैस का बड़ा हिस्सा इम्पोर्टेड LNG से आता है. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG की कीमत बढ़ी है. इससे गैस खरीदने की लागत बढ़ने के बाद कंपनी ने CNG के दाम में इजाफा किया है.
इस साल पांचवीं बार बढ़े दाम
2026 में CNG की कीमतों में यह पांचवीं बढ़ोतरी बताई जा रही है. मई के बाद पहली बार कीमत बढ़ाई गई है. मई में भी पश्चिम एशिया के तनाव के चलते ऊर्जा बाजार में तेजी आई थी. उस दौरान IGL ने करीब 10 दिनों में चार बार कीमत बढ़ाई थी और कुल 6 रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ था.
ऑटो और टैक्सी चालकों पर बढ़ेगा खर्च
CNG के दाम बढ़ने का सीधा असर ऑटो-रिक्शा, टैक्सी और माल ढुलाई वाले वाहनों पर पड़ सकता है. ईंधन महंगा होने से वाहन चालकों की रोजाना लागत बढ़ेगी. आगे इसका असर किराए और माल ढुलाई की कीमतों पर भी पड़ने की संभावना है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गैस महंगी
LNG की कीमतों में वैश्विक स्तर पर भी तेजी देखने को मिली है. एशिया का JKM LNG बेंचमार्क फरवरी में करीब 11 डॉलर प्रति MMBTU से बढ़कर अगस्त में 23.4 डॉलर पहुंच गया. इसी अवधि में यूरोप का TTF गैस बेंचमार्क भी करीब 11.3 डॉलर से बढ़कर 23.3 डॉलर प्रति MMBTU हो गया. सर्दियों से पहले यूरोप में LNG का भंडार बढ़ाने की कोशिशों के कारण भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों पर दबाव बना हुआ है.