Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-30

Weather Alert: झारखंड में फिर बदलेगा मौसम, 31 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश के आसार

Weather Alert: झारखंड में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है। मौसम विभाग ने 30 अगस्त से 2 सितंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मौसम खराब रह सकता है। 31 अगस्त को रांची समेत कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर विशेष सतर्कता की जरूरत बताई गई है।


आज कई हिस्सों में गरज के साथ होगी बारिश

30 अगस्त को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने का अनुमान है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दक्षिणी, उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद में बारिश को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।


31 अगस्त को पांच जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश

31 अगस्त को मौसम की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। रांची, गुमला, खूंटी, लोहरदगा और लातेहार में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य जिलों में भी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।

1 और 2 सितंबर को भी जारी रहेगा बारिश का असर

बारिश का प्रभाव सितंबर की शुरुआत में भी बना रह सकता है। 1 सितंबर को लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा समेत कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं तेज हवा और वज्रपात को लेकर भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 2 सितंबर को दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और कोडरमा में भारी बारिश हो सकती है।

तापमान में भी आएगी गिरावट

लगातार बारिश के कारण राज्य के अधिकतम तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। मौसम खराब रहने के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है। खासकर वज्रपात के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !