Duleep Trophy 2026: दलीप ट्रॉफी 2026 अब खिताबी मुकाबले से सिर्फ एक कदम दूर है. रविवार को टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे. पहले सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन सेंट्रल जोन के सामने ईस्ट जोन की चुनौती होगी. वहीं दूसरे मुकाबले में साउथ जोन और नॉर्थ जोन आमने-सामने होंगे.
ईस्ट जोन के हौसले बुलंद
ईस्ट जोन ने क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ ईस्ट जोन को पारी और 210 रन से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया था. सुदीप घरामी और शाहबाज अहमद ने शतकीय पारियां खेलीं. शाहबाज ने गेंद से भी चार विकेट लिए, जबकि अनुकूल रॉय ने दूसरी पारी में पांच विकेट चटकाए. अभिजीत सरकार ने पूरे मुकाबले में छह विकेट हासिल किए.
अब टीम की नजर युवा वैभव सूर्यवंशी पर भी रहेगी. क्वार्टर फाइनल में वह बल्ले से बड़ी पारी नहीं खेल सके थे, लेकिन गेंदबाजी में 3 ओवर में 11 रन देकर 2 विकेट लिए थे. कप्तान ईशान किशन और अनुभवी अभिमन्यु ईश्वरन की मौजूदगी ईस्ट जोन को मजबूती देती है.
सेंट्रल जोन की नजर फाइनल पर
गत चैंपियन सेंट्रल जोन लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने की कोशिश करेगा. टीम की कप्तानी रजत पाटीदार के हाथों में है. रिंकू सिंह जैसे अनुभवी बल्लेबाज टीम के पास मौजूद हैं. गेंदबाजी में सारांश जैन और हर्ष दुबे की स्पिन जोड़ी अहम हथियार होगी. यश ठाकुर और जीशान अंसारी भी विपक्षी बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकते हैं.
साउथ जोन के सामने नॉर्थ जोन
दूसरे सेमीफाइनल में साउथ जोन और नॉर्थ जोन के बीच मुकाबला होगा. साउथ जोन की कप्तानी तिलक वर्मा कर रहे हैं. टीम के बल्लेबाजी क्रम में रिकी भुई, नारायण जगदीशन और करुण नायर जैसे मजबूत नाम हैं. गेंदबाजी में श्रेयस गोपाल, तनय त्यागराजन और विद्वत कवेरप्पा पर नजर रहेगी.
क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ जोन का धमाका
नॉर्थ जोन ने पिछले दौर में मजबूत वेस्ट जोन को 52 रन से मात दी थी. इस जीत के हीरो अबिद मुश्ताक रहे, जिन्होंने पूरे मैच में 9 विकेट अपने नाम किए. आयुष बडोनी ने दोनों पारियों में अर्धशतक लगाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया था. अब्दुल समद और अंशुल कंबोज भी बल्लेबाजी को गहराई देते हैं. गेंदबाजी में गुरनूर बराड़ को मौका मिलने की उम्मीद है. ऐसे में दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में रोमांचक टक्कर देखने को मिल सकती है.