Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-30

PM Modi Uzbekistan Visit: ताशकंद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव की द्विपक्षीय बैठक, रणनीतिक व आर्थिक संबंधों को मिलेगी नई रफ्तार

PM Modi Uzbekistan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रविवार को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने औपचारिक स्वागत किया. दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से मुलाकात की. इसके बाद भारत और उज्बेकिस्तान के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय बैठक हुई. बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक, तकनीकी और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई. साथ ही "विकसित भारत 2047" और "उज्बेकिस्तान-2030" के लक्ष्यों को साथ लेकर आगे बढ़ने की बात कही गई.

आर्थिक सहयोग बढ़ाने के लिए बनेगी नई व्यवस्था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति ने आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों की पहचान की है. इन परियोजनाओं को पूरा करने के लिए समयसीमा भी तय की गई है. पीएम मोदी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दोनों देश मिलकर इन योजनाओं पर तेजी से काम करेंगे.

उन्होंने बताया कि दोनों देशों के विदेश मंत्री स्तर पर एक समन्वय परिषद बनाई जाएगी. इसका मकसद आपसी सहयोग से जुड़े सभी मुद्दों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाना होगा. भारत और उज्बेकिस्तान के संयुक्त आयोग का स्तर भी सचिव से बढ़ाकर मंत्री स्तर करने पर सहमति बनी है.

दोनों देशों के बिजनेस लीडर्स की होगी बैठक
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान मिलकर एक बिजनेस समिट भी आयोजित करेंगे. इसमें दोनों देशों के कारोबारी और बिजनेस लीडर्स हिस्सा लेंगे. इसका उद्देश्य व्यापार और निवेश के नए अवसर तलाशना होगा. पीएम ने यूरेनियम की आपूर्ति को लेकर भी लंबी अवधि की व्यवस्था बनाने की बात कही.

तीन सिस्टर-सिटी और सिस्टर-स्टेट पर भी समझौता
दोनों देशों के बीच तीन सिस्टर-सिटी और सिस्टर-स्टेट व्यवस्था शुरू करने की दिशा में भी कदम बढ़ाया गया है. पीएम मोदी ने कहा कि इन व्यवस्थाओं का पूरा फायदा उठाने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप तैयार किया जाना चाहिए. उन्होंने उज्बेकिस्तान के "न्यू ताशकंद" प्रोजेक्ट का जिक्र करते हुए भारत की गुजरात स्थित GIFT City का उदाहरण दिया. प्रधानमंत्री ने कहा कि उज्बेकिस्तान का प्रतिनिधिमंडल भारत आकर तकनीक के इस्तेमाल और GIFT City के विकास मॉडल का अध्ययन कर सकता है.

ताशकंद में भारत जैसा माहौल देखकर खुश हुए पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति की मेहमाननवाजी की भी तारीफ की. उन्होंने पिछली रात आयोजित डिनर का जिक्र करते हुए कहा कि राष्ट्रपति मिर्जियोयेव खुद कई व्यवस्थाओं में शामिल रहे. डिनर के दौरान भारतीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिली. प्रतिभाशाली बच्चों ने गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी.

पीएम मोदी ने कहा कि ऐसा लगा जैसे उज्बेकिस्तान में भारत की संस्कृति को जीवंत कर दिया गया हो. उन्होंने ताशकंद को तिरंगे के रंगों में सजाए जाने का भी जिक्र किया. पीएम ने कहा कि यह भारत के प्रति उज्बेकिस्तान के लोगों के लगाव को दिखाता है.

रणनीतिक साझेदारी को अब मिलेगा नया दर्जा
प्रधानमंत्री मोदी ने उज्बेकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस की 35वीं वर्षगांठ के लिए पहले ही शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि इस साल भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी के 15 साल भी पूरे हो रहे हैं. इस खास मौके पर दोनों देशों के रिश्तों को "व्यापक रणनीतिक साझेदारी" का दर्जा देने की दिशा में आगे बढ़ने पर खुशी जताई गई. पीएम मोदी ने कहा कि नई साझेदारी के तहत दोनों देश ठोस लक्ष्य तय करके आगे बढ़ेंगे.

राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने भारत की प्रगति की तारीफ की
उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि भारत लगातार तेज आर्थिक विकास की ओर बढ़ रहा है और बड़े स्तर पर विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ा रहा है. राष्ट्रपति ने डिजिटल तकनीक, सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में भारत की प्रगति का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत की आवाज और प्रभाव पहले की तुलना में और मजबूत हुआ है. मिर्जियोयेव ने कहा कि भारत के करीबी मित्र के तौर पर उज्बेकिस्तान इन उपलब्धियों को देखकर खुश है.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !