Ranchi News: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए Form-6 और घोषणा-पत्र के जरिए आवेदन सुनिश्चित किया जाए। ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन माध्यम से भी आवेदन लिए जा रहे हैं।
6,722 बूथों पर Form-6 का एक भी आवेदन नहीं
समीक्षा में सामने आया कि राज्य के 6,722 मतदान केंद्रों पर अब तक Form-6 का कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। के. रवि कुमार ने ऐसे सभी मतदान केंद्रों की विशेष समीक्षा करने का निर्देश दिया है।
रांची में 1,209, पलामू में 592, हजारीबाग में 572, गिरिडीह में 416 और धनबाद में 392 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां एक भी Form-6 नहीं मिला है।
इन जिलों के कई बूथों पर आवेदन बेहद कम
कम आवेदन वाले मतदान केंद्रों को भी निर्वाचन विभाग ने चिन्हित किया है। धनबाद में 1,243, गिरिडीह में 1,072, रांची में 981, पलामू में 936 और हजारीबाग में 814 मतदान केंद्रों पर Form-6 की संख्या बेहद कम पाई गई है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित जिलों को इन केंद्रों की विशेष निगरानी और समीक्षा करने को कहा है, ताकि कोई पात्र युवा मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
15 सितंबर तक जमा होगा Form-6, BLO करेंगे घर-घर संपर्क
निर्वाचन विभाग के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि माना गया है। इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। Form-6 जमा करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 है।
नए मतदाताओं की पहचान और पंजीकरण के लिए BLO घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। इसके साथ ही स्कूल और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को ECINET के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्राप्त Form-6 के समयबद्ध डिजिटाइजेशन का भी निर्देश दिया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को पूरी प्रक्रिया की लगातार समीक्षा करने को कहा गया है।