Vande Bharat Train Timing Change: वाराणसी से झारखंड जाने वाले रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. उत्तर रेलवे ने वाराणसी से रांची और देवघर के बीच चलने वाली दोनों वंदे भारत एक्सप्रेस के रवाना होने के समय में बदलाव किया है. नया समय 2 सितंबर से लागू होगा.
वाराणसी-रांची वंदे भारत 10 मिनट पहले खुलेगी
ट्रेन संख्या 20888 वाराणसी-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस अब वाराणसी स्टेशन से शाम 4:05 बजे की जगह 3:55 बजे रवाना होगी. यानी यात्रियों को पहले के मुकाबले 10 मिनट पहले स्टेशन पहुंचना होगा.
रेलवे के अनुसार, वाराणसी से रवाना होने के समय में बदलाव के बावजूद इसके बाद आने वाले स्टेशनों पर ट्रेन के पहुंचने और वहां से प्रस्थान करने के निर्धारित समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है.
वाराणसी-देवघर वंदे भारत का समय भी बदला
ट्रेन संख्या 22500 वाराणसी-देवघर वंदे भारत एक्सप्रेस अब सुबह 6:20 बजे के बजाय 6:10 बजे वाराणसी से रवाना होगी. इस ट्रेन के समय में भी 10 मिनट का बदलाव किया गया है.
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि वाराणसी के बाद ट्रेन के अन्य स्टेशनों पर पहुंचने और रवाना होने का समय पहले की तरह ही रहेगा. दोनों ट्रेनों के वाराणसी से प्रस्थान का समय 10 मिनट पहले किया गया है. ऐसे में यात्रियों को नए शेड्यूल के मुताबिक स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि ट्रेन छूटने की स्थिति न बने. नया टाइमिंग 2 सितंबर से प्रभावी होगा.