Jamshedpur News: जमशेदपुर के गोलमुरी चौक पर सड़क सुरक्षा को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच विधायक पूर्णिमा साहू रविवार को धरनास्थल पहुंचीं. उन्होंने डिवाइडर की मांग को लेकर दो दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे धर्मवीर कुशवाहा और अन्य युवाओं से मुलाकात की. विधायक ने उनकी समस्याएं सुनीं और आंदोलन खत्म करने की अपील की.
गोलमुरी चौक पर बढ़ते हादसों से युवाओं में आक्रोश
युवाओं ने गोलमुरी चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाया. उनका कहना है कि यहां स्थायी डिवाइडर बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर हो सकती है और हादसों का खतरा कम होगा. विधायक पूर्णिमा साहू ने मामले को जनसुरक्षा से जुड़ा बताते हुए इसे गंभीरता से लेने की बात कही.
मौके पर पहुंचीं विधायक पूर्णिमा साहू
समस्या की जानकारी लेने के बाद विधायक ने मौके से ही पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त और ट्रैफिक डीएसपी से फोन पर बातचीत की. उन्होंने गोलमुरी चौक की स्थिति और डिवाइडर की जरूरत से अधिकारियों को अवगत कराया. इसके बाद विधायक ने खुद भी मौके का निरीक्षण किया.
स्थायी निर्माण तक चौक पर कराई गई बैरिकेडिंग
स्थायी डिवाइडर बनने में समय लगने की संभावना को देखते हुए तत्काल सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिया गया. विधायक की पहल के बाद प्रशासन ने गोलमुरी चौक के संबंधित हिस्से में बैरिकेडिंग कराई. इससे फिलहाल वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने और दुर्घटना की आशंका कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
टाटा स्टील UISL और प्रशासन से स्थायी डिवाइडर निर्माण की मांग
विधायक ने साफ किया कि बैरिकेडिंग केवल अस्थायी व्यवस्था है. स्थायी समाधान के लिए डिवाइडर निर्माण जरूरी है. उन्होंने जिला प्रशासन, ट्रैफिक डीएसपी और टाटा स्टील यूआईएसएल प्रबंधन से इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आग्रह किया है. इस दौरान विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.