West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा इलाके से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव में कुइली पहाड़ी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से तीन ग्रामीण तेज धार में बह गए. हादसे के बाद ग्रामीणों ने नदी के आसपास खोजबीन शुरू की. इसी दौरान घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में एक महिला का शव फंसा मिला. मृतका की पहचान बहदा गांव के मुंडा रोया सिद्धू की मां के रूप में हुई है.
दो ग्रामीण अब भी लापता
हादसे के बाद रोया सिद्धू के पिता बोसेन सिद्धू और गांव की सुनीता सिद्धू अब तक लापता हैं. दोनों की तलाश में ग्रामीण नदी के किनारे लगातार अभियान चला रहे हैं. बताया गया कि तीनों ग्रामीण एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद नदी पार कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्र में तेज बारिश हुई और कुइली नदी का पानी अचानक बढ़ गया. तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों ग्रामीण बह गए.
बारिश और तेज बहाव बना चुनौती
लगातार बारिश, अंधेरा और नदी का तेज बहाव राहत एवं तलाश अभियान में परेशानी पैदा कर रहा है. इसके बावजूद ग्रामीण लापता दोनों लोगों को खोजने में जुटे हुए हैं. एक महिला का शव मिलने के बाद गांव में मातम पसरा है. परिजन और ग्रामीण अब बोसेन सिद्धू और सुनीता सिद्धू के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं.