Chatra: चतरा के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. शव गड़िया गांव में निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र के पास बने पुल के नीचे मिला. सुबह ग्रामीणों की नजर पुल के नीचे पड़े शव पर पड़ी. कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने घटना की जानकारी राजपुर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
मृतक की हुई पहचान
जांच के दौरान मृतक की पहचान गड़िया गांव निवासी स्वर्गीय धनेश्वर यादव के 36 वर्षीय बेटे विजय यादव के रूप में हुई. शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है. उनका कहना है कि हत्या के बाद शव को पुल के नीचे फेंका गया होगा. हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि विजय यादव की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई. हत्या की वजह भी सामने नहीं आई है.
दो महीने में दूसरी घटना से ग्रामीणों में डर
ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो महीने पहले भी गड़िया गांव में हत्या की घटना हुई थी. अब उसी इलाके में दो महीने के भीतर दूसरी घटना सामने आने से लोगों में डर का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाने की मांग की है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
राजपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस हत्या के साथ-साथ मौत से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं को भी देख रही है. थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.