Bihar News: बिहार के बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र के टांड़ा पर गांव में दो पक्षों का विवाद हिंसक हो गया. बीच-बचाव करने पहुंचे एक बुजुर्ग को गोली लग गई. घायल की पहचान गांव निवासी रविंद्र यादव के रूप में हुई है. गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
भतीजे से विवाद के बाद पहुंचे थे बुजुर्ग
बताया जा रहा है कि गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. इसी दौरान रविंद्र यादव का भतीजा वहां से गुजर रहा था. आरोप है कि विवाद कर रहे लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. जानकारी मिलने पर रविंद्र यादव मौके पर पहुंचे. उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया और भतीजे को लेकर वापस लौटने लगे.
लौटते समय हुई फायरिंग
परिजनों के मुताबिक, वापस लौटने के दौरान अचानक फायरिंग हुई. इसी दौरान रविंद्र यादव को गोली लग गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. परिजन और स्थानीय लोग घायल रविंद्र यादव को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. फायरिंग के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है.