Jamtara News: जामताड़ा के हाई स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के लिए सोमवार को प्रोजेक्ट प्रज्ञान की शुरुआत की गई. उपायुक्त आलोक कुमार ने परियोजना का शुभारंभ किया. इसके जरिए विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से अलग-अलग विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी.
विषय विशेषज्ञ देंगे ऑनलाइन शिक्षा
प्रोजेक्ट के तहत छात्र-छात्राओं को विषयवार पढ़ाई के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों की मदद मिलेगी. उपायुक्त ने कहा कि इसका मकसद केवल ऑनलाइन क्लास चलाना नहीं है. प्रयास है कि जिले के हर विद्यार्थी तक समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंच सके. उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों की विषयों पर पकड़ मजबूत होगी.
बोर्ड परीक्षा की तैयारी पर फोकस
परियोजना के जरिए विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा. उपायुक्त ने कहा कि तकनीक की मदद से शिक्षकों की कमी को काफी हद तक पूरा किया जा सकता है. बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना परियोजना की प्राथमिकता है. इस पहल का असर आने वाली बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम में दिखाई दे, यही प्रशासन का प्रमुख लक्ष्य है.
जागरूकता रथ भी रवाना
प्रोजेक्ट प्रज्ञान को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों को जानकारी देने के लिए जागरूकता रथ भी रवाना किया गया. कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति समेत शिक्षा विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे.