Jamshedpur: जमशेदपुर के केरला समाज मॉडल स्कूल में कक्षा 2 के छात्र के साथ कथित मारपीट के मामले को लेकर सोमवार को स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के बीच बातचीत हुई. बच्चों की सुरक्षा और घटना दोबारा नहीं हो, इस मुद्दे पर स्कूल प्रबंधन से चर्चा की गई. मामले को लेकर अभिभावकों का एक प्रतिनिधिमंडल स्कूल पहुंचा और प्रिंसिपल से मुलाकात की. बातचीत में स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाने की बात सामने आई.
अभी छात्रों पर नहीं हुई कार्रवाई
स्कूल प्रबंधन ने फिलहाल कथित मारपीट में शामिल छात्रों को न तो स्कूल से निकाला है और न ही निलंबित किया है. हालांकि, प्रबंधन ने साफ किया कि अगर भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा होती है तो संबंधित छात्रों पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है. ऐसी स्थिति में उन्हें निलंबित करने का फैसला भी लिया जा सकता है.
पीड़ित बच्चे के अभिभावकों ने भी की मुलाकात
मारपीट की शिकायत वाले बच्चे के माता-पिता ने भी स्कूल की प्रिंसिपल से मुलाकात की. बातचीत के दौरान प्रिंसिपल ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, "बच्चा चाहे आपका हो या मेरा, सभी बच्चों की सुरक्षा जरूरी है."
स्कूल से निकालने की मांग नहीं
जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्चे के अभिभावकों ने फिलहाल कथित रूप से मारपीट करने वाले बच्चों को स्कूल से बाहर करने की मांग नहीं की है. उनका मुख्य जोर इस बात पर है कि आगे किसी बच्चे के साथ ऐसी घटना न हो. साथ ही स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
दोबारा घटना हुई तो होगी कार्रवाई
स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को भरोसा दिलाया है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है. प्रबंधन के अनुसार, भविष्य में इस तरह की घटना सामने आने पर स्कूल के नियमों के तहत संबंधित छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल बातचीत के बाद मामला शांत होता नजर आ रहा है. अब अभिभावकों की नजर स्कूल की ओर से बच्चों की सुरक्षा के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर है.