Bihar News: बिहार पुलिस की महिला जवान अब हथियार चलाने से लेकर कमांडो ऑपरेशन तक की विशेष ट्रेनिंग लेंगी. इसके लिए मोकामाघाट स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में महिला आरक्षियों का बेसिक और कमांडो प्रशिक्षण शुरू हो गया है. प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन आईजी राजकुमार ने समारोह के दौरान किया.
482 महिला जवान लेंगी ट्रेनिंग
इस प्रशिक्षण में बिहार पुलिस की 482 महिला सिपाहियों को शामिल किया गया है. करीब 270 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में जवानों को अलग-अलग परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार किया जाएगा. महिला जवानों को विभिन्न तरह के हथियारों के संचालन की ट्रेनिंग दी जाएगी. इस दौरान AK-47 जैसे स्वचालित हथियार चलाने का प्रशिक्षण भी शामिल है.
कानून की भी दी जाएगी जानकारी
प्रशिक्षण केवल हथियारों और कमांडो तकनीक तक सीमित नहीं रहेगा. महिला जवानों को भारतीय न्याय संहिता से जुड़ी जरूरी जानकारी भी दी जाएगी. उन्हें कानून व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों को समझने और प्रभावी तरीके से कार्रवाई करने के लिए भी तैयार किया जाएगा.
हर चुनौती से निपटने पर जोर
प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला जवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाना है. उन्हें अलग-अलग चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा. प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर के अधिकारी और प्रशिक्षकों की टीम मौजूद रही.
पहले भी 600 से ज्यादा महिला जवानों को मिली ट्रेनिंग
बताया गया कि इससे पहले भी बिहार मिलिट्री पुलिस की 600 से अधिक महिला जवानों को सीआरपीएफ की ओर से प्रशिक्षण दिया जा चुका है. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें बिहार पुलिस मुख्यालय को सौंपा गया था. अब महिला जवानों की दूसरी टीम का प्रशिक्षण भी शुरू कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि बिहार पुलिस की महिला जवानों को सीआरपीएफ की ओर से इस तरह का प्रशिक्षण दिया जाना अपने आप में महत्वपूर्ण पहल है.