Adityapur News: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 25 स्थित आसांगी ओड़िया मध्य विद्यालय में लगातार बारिश के बाद जलजमाव की समस्या बढ़ गई है. स्कूल परिसर और मुख्य मैदान में पानी जमा होने से विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों को भी आवाजाही में परेशानी हो रही है.
स्कूल परिसर में भरा पानी
बारिश का पानी निकलने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण विद्यालय परिसर के अलावा आसपास के रास्तों पर भी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. पानी जमा रहने से स्कूल आने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मैदान में भी पानी भरने से विद्यालय की सामान्य गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं.
मच्छरों का बढ़ा प्रकोप
जमा पानी के कारण आसपास मच्छरों की संख्या बढ़ने की बात कही गई है. इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई गई है. स्थानीय स्तर पर आशंका व्यक्त की गई है कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.
नगर आयुक्त को सौंपा आवेदन
समस्या को लेकर झारखंड युवा मोर्चा के सरायकेला-खरसावां जिला उपाध्यक्ष सोमदेव प्रधान उर्फ विवकी ने आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त को लिखित आवेदन दिया है. उन्होंने नगर निगम प्रशासन से स्कूल परिसर में जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है. साथ ही समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की गई है.
उपायुक्त को भी दी प्रतिलिपि
सोमदेव प्रधान ने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों की परेशानी को देखते हुए जलजमाव की समस्या का जल्द समाधान जरूरी है. आवेदन की एक प्रतिलिपि सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को भी सौंपी गई है.