Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-02

Bokaro News: बोकारो में भारी बारिश के बीच उपायुक्त का निरीक्षण, BSL अधिकारियों को जलजमाव और जर्जर टंकियों की मरम्मत के सख्त निर्देश

Bokaro News: बोकारो में लगातार बारिश के बीच उपायुक्त अजय नाथ झा ने बुधवार को बोकारो स्टील सिटी के कई इलाकों का निरीक्षण किया. उन्होंने जलजमाव, जल निकासी, सफाई, सड़क और अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति देखी. बीएसएल अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित और स्थायी समाधान के निर्देश दिए.

जर्जर पानी टंकियों पर सख्ती
सेक्टर-12ए में निरीक्षण के दौरान 42 ऐसे आवासीय ब्लॉक चिह्नित किए जाने की जानकारी दी गई, जहां पानी की टंकियां और सीढ़ियां जर्जर हैं. बीएसएल की ओर से प्रत्येक फ्लोर के लिए अलग-अलग कम क्षमता की टंकियां लगाने की तैयारी है. उपायुक्त ने यह काम 10 दिनों में पूरा करने को कहा.

फिलहाल टंकियों में फ्लोट लगाने और पानी की बर्बादी रोकने के निर्देश दिए गए. नागरिकों की शिकायतों के लिए कंट्रोल नंबर और कमेटी बनाने को भी कहा गया.

सिटी सेंटर में जलजमाव का जायजा
सेक्टर-4 के सिटी सेंटर में उपायुक्त ने जल निकासी, नालियों और सड़कों की स्थिति देखी. नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए गए. जहां तत्काल सड़क मरम्मत संभव नहीं है, वहां अस्थायी तौर पर फ्लाई ऐश का इस्तेमाल कर आवागमन सुचारु रखने को कहा गया.

कॉरिडोर खाली कराने का निर्देश
सिटी सेंटर में दुकानों के सामने कॉरिडोर और पाथवे पर रखे सामान को हटाने के लिए दुकानदारों को 30 मिनट का समय दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि आपदा के समय राहत और बचाव कार्य में बाधा न आए, इसलिए सार्वजनिक रास्ते पूरी तरह खुले रहने चाहिए.

लक्ष्मी मार्केट की भी जांच
सेक्टर-4ए के लक्ष्मी मार्केट में भी सफाई और जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया गया. हर इलाके की सफाई और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी संबंधित इकाइयों को तय करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने बीएसएल को नागरिक सुविधाओं के लिए शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म प्लान तैयार करने को कहा. साथ ही जलजमाव, गंदगी और अव्यवस्थित पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए.

हर महीने होगी समीक्षा बैठक
उपायुक्त ने एसडीओ, बीएसएल प्रबंधन, पुलिस उपाधीक्षक और अपर नगर आयुक्त की मासिक बैठक आयोजित करने को कहा. इसमें लंबित समस्याओं, चल रहे कार्यों और आगामी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी. उन्होंने लोगों से नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं डालने तथा जल निकासी के रास्ते बाधित नहीं करने की अपील की. व्यवसायियों से भी कॉरिडोर, पाथवे और पार्किंग व्यवस्था सुचारु रखने को कहा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !