Jharkhand News: झारखंड में नए आपराधिक कानूनों को लेकर सरकार अब तक की तैयारियों का जायजा लेगी. इसके लिए आज यानी 3 सितंबर को दोपहर 1 बजे उच्चस्तरीय बैठक होगी. बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव करेंगे. इसमें कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे.
ताजा रिपोर्ट के साथ पहुंचेंगे अधिकारी
गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने बैठक को लेकर संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए हैं. अधिकारियों को अपने विभाग से जुड़ी ताजा जानकारी और रिपोर्ट के साथ बैठक में शामिल होने को कहा गया है. बैठक में गृह और विधि विभाग के अलावा पुलिस, अभियोजन और जेल विभाग के अधिकारी भी रहेंगे. फोरेंसिक, स्वास्थ्य और सूचना तकनीक से जुड़े अधिकारी भी चर्चा में शामिल होंगे. NIC और अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों को भी बुलाया गया है.
मार्च की बैठक के बाद अब तक के काम की होगी पड़ताल
नए आपराधिक कानूनों को लेकर 23 मार्च 2026 को केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में बैठक हुई थी. इस बैठक में झारखंड के मुख्य सचिव समेत राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए थे. इसके बाद 7 अप्रैल को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने झारखंड सरकार से बैठक में तय बिंदुओं पर हुई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी थी. अब इसी रिपोर्ट को आधार बनाकर राज्य में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी.
पुलिस और फोरेंसिक सिस्टम पर रहेगा फोकस
बैठक में यह देखा जाएगा कि नए कानूनों को लागू करने के लिए राज्य में अब तक क्या कदम उठाए गए हैं. पुलिस की जांच प्रक्रिया, अभियोजन की तैयारी और फोरेंसिक जांच की व्यवस्था पर चर्चा होगी. जेल व्यवस्था और तकनीकी सिस्टम से जुड़े कामों की भी जानकारी ली जाएगी. अधिकारियों से यह भी पूछा जाएगा कि केंद्र सरकार के पहले दिए गए निर्देशों में से कितने पूरे हुए हैं और कौन से काम अभी बाकी हैं.
आगे की तैयारी पर भी बन सकती है रणनीति
नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद केंद्र सरकार राज्यों में इनके क्रियान्वयन की लगातार समीक्षा कर रही है. इसी कड़ी में झारखंड की यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है. बैठक के दौरान अधूरे कामों को पूरा करने और आगे की तैयारी को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं.