Dhanbad Maithon Dam: झारखंड के धनबाद जिले में पिछले तीन-चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है. लगातार बारिश के चलते मैथन और पंचेत डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बराकर और दामोदर नदियां पूरे उफान पर हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दामोदर घाटी निगम (DVC) ने मैथन डैम के 6 गेट और पंचेत डैम के 4 रेडियल गेट खोल दिए हैं. इसके साथ ही मैथन में 4 गैलरी और पंचेत डैम में 1 गैलरी को भी खोलना पड़ा है.
मैथन और पंचेत डैम से छोड़ा जा रहा लाखों एकड़ फीट पानी
गुरुवार को दर्ज किए गए आंकड़ों के मुताबिक, मैथन डैम का जलस्तर 488.29 फीट और पंचेत डैम का जलस्तर 416.08 फीट तक पहुंच गया है. जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए मैथन डैम से 78,234 एकड़ फीट और पंचेत डैम से 1,16,402 एकड़ फीट पानी छोड़ा जा रहा है. DVRCC के सदस्य सचिव संजीव कुमार ने बताया कि दोनों बांधों में पानी की आवक लगातार जारी है.
पश्चिम बंगाल के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
डैमों से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद पश्चिम बंगाल के तटीय और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है. DVC ने स्थिति को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. आसनसोल, दुर्गापुर, बर्धमान, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना समेत नदी किनारे बसे इलाकों के लोगों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है. पश्चिम बंगाल के प्रशासनिक अधिकारियों को भी लगातार अपडेट भेजा जा रहा है.
खतरे के निशान से कितना नीचे है पानी?
फिलहाल मैथन डैम का डेंजर लेवल 495 फीट और पंचेत डैम का डेंजर लेवल 425 फीट निर्धारित है. हालांकि दोनों डैम का जलस्तर अभी खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन केंद्रीय जल आयोग (CWC) लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. अगर बारिश का सिलसिला यूँ ही जारी रहा, तो प्रशासन और DVC आगे और भी सख्त कदम उठा सकते हैं.