Manoharpur News: लंबे समय से ट्रेन के ठहराव का इंतजार कर रहे मनोहरपुर के यात्रियों को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है. टाटानगर से एर्नाकुलम जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन अब मनोहरपुर स्टेशन पर भी रुकेगी. बताया जा रहा है कि 5 सितंबर से ट्रेन संख्या 18189/18190 टाटानगर-एर्नाकुलम-टाटानगर एक्सप्रेस का प्रायोगिक ठहरावशुरू होगा.
मनोहरपुर स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव की शुरुआत के मौके पर सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगी. कार्यक्रम सुबह करीब 6:45 बजे आयोजित होगा. इस दौरान चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हरिया, सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी समेत रेलवे के कई अधिकारी मौजूद रहेंगे.
लंबे समय से उठ रही थी मांग
मनोहरपुर में इस ट्रेन को रोकने की मांग काफी समय से की जा रही थी. स्थानीय यात्रियों के लिए एर्नाकुलम और टाटानगर की ओर आने-जाने के लिहाज से इस ठहराव को अहम माना जा रहा है. सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने भी इस मांग को लेकर रेलवे अधिकारियों के साथ लगातार पत्राचार और बैठकें की थीं.
28 अगस्त को रेलवे ने दी मंजूरी
लगातार प्रयासों के बाद रेल मंत्रालय ने 28 अगस्त को टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव को मंजूरी दी.
अब 5 सितंबर से यात्रियों को इस ट्रेन का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा. लंबे समय से की जा रही मांग पूरी होने से मनोहरपुर और आसपास के रेल यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है.