Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-04

Jamshedpur News: 6 सितंबर को होगा "फैक्ट फाइंडिंग" सेमिनार, सरयू राय बोले:- शिक्षा की कमियों पर होगी चर्चा

Jamshedpur News: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि 6 सितंबर को होने वाला सेमिनार सिर्फ चर्चा तक सीमित नहीं रहेगा. इसमें झारखंड की शिक्षा व्यवस्था की कमियों को समझने और उनके समाधान के लिए सरकार से पहल करने का आग्रह किया जाएगा. उन्होंने इसे "फैक्ट फाइंडिंग सेमिनार" बताया.

सरयू राय ने बताया कि सेमिनार का आयोजन स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट और नेचर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है. इसमें रांची में हाल में आंदोलन करने वाले कुछ छात्रों को भी बुलाया गया है.

इन छात्रों से उनके असंतोष के कारणों और आंदोलन करने की वजहों के बारे में जानकारी ली जाएगी. साथ ही यह समझने की कोशिश होगी कि शिक्षा व्यवस्था में ऐसी कौन सी कमियां हैं, जिनकी वजह से छात्रों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा.

तीन विश्वविद्यालयों के कुलपति होंगे शामिल
सरयू राय के अनुसार, सेमिनार में तीन विश्वविद्यालयों के कुलपति शामिल होंगे. इनमें रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सरोज शर्मा, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर चंद्रभूषण शर्मा और झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर धर्मेंद्र कुमार सिंह शामिल हैं.

सरयू राय ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में शिक्षकों की स्थिति पर भी चर्चा जरूरी है. उन्होंने कहा कि शिक्षक योग्य हैं और अपने विषय की अच्छी जानकारी रखते हैं, लेकिन सरकारी काम में प्रतिनियुक्ति के कारण वे विद्यार्थियों को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं. उनके मुताबिक, शिक्षक कभी SIR के काम में लगाए जाते हैं तो कभी जिलाधिकारी कार्यालय या जेएनएसी में प्रतिनियुक्त किए जाते हैं. इससे शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच संपर्क कमजोर हुआ है और पढ़ाई प्रभावित हो रही है. सरयू राय ने कहा कि इस व्यवस्था में बदलाव की जरूरत है. इसी उद्देश्य से सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है.

सुबह 9 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
6 सितंबर को सुबह 9 से 10 बजे तक प्रतिभागियों का पंजीकरण होगा. इसके बाद 10 से 11 बजे तक उद्घाटन सत्र चलेगा. पहला सत्र सुबह 11:15 से दोपहर 12:30 बजे तक प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा पर होगा. दूसरा सत्र दोपहर 12:30 से 2 बजे तक उच्च शिक्षा और छात्र-युवा असंतोष पर केंद्रित रहेगा. भोजनावकाश के बाद तीसरे सत्र में शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा. कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा. सरयू राय ने बताया कि सेमिनार के लिए सभी विद्यालयों को आमंत्रण भेजा गया है.

एक मंच पर तीन कुलपति होंगे खास आकर्षण
इस सेमिनार की खास बात तीन विश्वविद्यालयों के कुलपतियों का एक ही मंच पर शामिल होना होगा. आयोजकों के मुताबिक, जमशेदपुर में एक ही मंच पर तीन कुलपतियों के साथ इस तरह का कार्यक्रम पहले देखने को नहीं मिला है. इसे सेमिनार के प्रमुख आकर्षणों में से एक माना जा रहा है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !