Jamshedpur Crime News: सोनारी थाना क्षेत्र में ए रोड के पास एक 58 वर्षीय महिला अर्चना श्रीवास्तव से सोने की चेन झपटकर भागने के मामले में फरार चल रहे आरोपी रोहित कर्मकार उर्फ सिपुल (24 वर्ष) को पुलिस ने बिरसानगर से गिरफ्तार कर लिया है। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके बिरसानगर जोन नंबर 6 स्थित घर से छीना गया सोने का चैन भी बरामद कर लिया है।
घटना बीते 31 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे की है, जब महिला अपने घर लौट रही थी। उसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चैन छीन ली थी। भागने की हड़बड़ाहट में आरोपियों की बाइक एक अन्य छोटे वाहन से टकरा गई, जिसके बाद वे अपनी पल्सर बाइक (JH05CN3650) वहीं छोड़कर कदमा की तरफ पैदल ही भाग निकले थे।
अनुसंधान में सामने आया कि इस वारदात में कुल तीन अपराधी शामिल थे। इनमें से पंकज हरपाल और रोहित मुर्मू को पुलिस 6 अगस्त को ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि रोहित कर्मकार लगातार फरार चल रहा था।
पकड़े गए आरोपी रोहित कर्मकार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ आदित्यपुर, बिरसानगर, टेल्को, बिष्टुपुर और सोनारी थानों में छिनतई और अन्य संगीन धाराओं में पहले से आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।