Jamshedpur Breaking: जमशेदपुर में शुक्रवार देर रात जुगसलाई इलाके में गाय चोरी को लेकर विवाद बढ़ गया. बताया जा रहा है कि रामदास भट्ठा इलाके से गाय चोरी होने के बाद उसे जुगसलाई लाकर बेचने की बात को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद शुरू हुआ.

मामले में फिलहाल किसी थाने में शिकायत दर्ज किए जाने की जानकारी नहीं है. बताया जा रहा है कि विवाद आपस में ही शुरू हुआ और धीरे-धीरे मामला बढ़ता चला गया.
ईदगाह मैदान के पास जुटे 60-70 लोग
विवाद बढ़ने के बाद करीब 60 से 70 लोग जुगसलाई ईदगाह मैदान के सामने जमा हो गए. भीड़ में मौजूद लोगों के बीच काफी देर तक कहासुनी और विवाद होता रहा. स्थिति बिगड़ती देख इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
पुलिस पहुंची, हवाई फायरिंग कर कराया शांत
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. सूत्रों के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से हवाई फायरिंग किए जाने की जानकारी सामने आई है. इसके बाद मौके पर जुटी भीड़ को हटाया गया और स्थिति को शांत कराया गया.
पूरे इलाके में नाकेबंदी, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद पुलिस ने जुगसलाई और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है.
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल को इलाके में तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है. गाय चोरी और उसे जुगसलाई लाकर बेचने से जुड़े दावे की भी जांच की जा रही है. पुलिस का फोकस इलाके में शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने पर है.